उत्तर प्रदेश

Jalaun में खाकी पर हमला, पुलिस की बड़ी कार्रवाई

Ratna Netam
5 July 2026 6:07 PM IST
Jalaun  में खाकी पर हमला, पुलिस की बड़ी कार्रवाई
x

Uttar Pradesh उत्तर प्रदेश : उरई में सिरसाकलार थाना क्षेत्र के अंतर्गत पुलिस टीम पर जानलेवा हमले और सिपाहियों को बंधक बनाकर मारपीट करने के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। इस घटना में शामिल तीन मुख्य अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि कुल 5 लोगों को जेल भेजा गया है।पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान सफीक खान, मजीद खान और सलमान खान के रूप में हुई है। बताया गया कि यह कार्रवाई उस समय हुई जब सिरसाकलार थाना पुलिस की टीम एनसीआर से जुड़े एक मामले में वांछित आरोपी मजीद खान को पकड़ने उसके घर पहुंची थी।

दबिश के दौरान आरोप है कि मजीद खान और उसके परिजनों ने पुलिस टीम का विरोध किया और अचानक स्थिति बिगड़ गई। अभियुक्तों ने मिलकर पुलिसकर्मियों को घेर लिया और उन्हें बंधक बनाकर मारपीट की। इस दौरान मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।घटना की जानकारी मिलते ही वरिष्ठ पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे और अतिरिक्त पुलिस बल बुलाया गया। इसके बाद इलाके में सर्च ऑपरेशन चलाकर तीनों मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया।पुलिस ने बताया कि सभी आरोपियों के खिलाफ सरकारी कार्य में बाधा डालने, पुलिस पर जानलेवा हमला करने, बंधक बनाने और अन्य गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है।

पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट कहा है कि कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों को किसी भी स्थिति में बख्शा नहीं जाएगा। इस तरह की घटनाओं में शामिल सभी लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी और दोषियों को कड़ी सजा दिलाई जाएगी।इस मामले में कुल 5 लोगों को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया है, जिनमें दो महिलाएं भी शामिल बताई जा रही हैं। फिलहाल पूरे मामले की जांच जारी है और पुलिस अन्य संभावित आरोपियों की भूमिका की भी पड़ताल कर रही है।स्थानीय प्रशासन का कहना है कि पुलिस पर हमला गंभीर अपराध है और इसे किसी भी हालत में स्वीकार नहीं किया जाएगा।

Next Story