- Home
- /
- राज्य
- /
- उत्तर प्रदेश
- /
- TC लेने निकली छात्रा...
TC लेने निकली छात्रा की दर्दनाक मौत, पिता-पुत्र हिरासत में

उत्तर प्रदेश: बदायूं जिले के बिल्सी थाना क्षेत्र में 17 वर्षीय छात्रा शिवानी की हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। छात्रा शनिवार सुबह घर से कॉलेज में ट्रांसफर सर्टिफिकेट (टीसी) लेने के लिए निकली थी, लेकिन देर शाम तक वापस नहीं लौटी। रविवार सुबह उसका शव गांव के पास मक्के के खेत से बरामद किया गया, जिससे पूरे इलाके में हड़कंप मच गया।
जानकारी के अनुसार, रामपुर टांडा गांव निवासी शिवानी नागा जूना इंटर कॉलेज से टीसी लेने गई थी। परिजनों ने जब देर तक उसका कोई पता नहीं चलने पर खोजबीन शुरू की तो कोई सुराग नहीं मिला। परिजनों का आरोप है कि गांव का एक युवक उसे लंबे समय से परेशान कर रहा था। शनिवार सुबह दोनों के बीच करीब 20 मिनट तक फोन पर बातचीत भी हुई थी।
परिजनों को शक होने पर जब युवक से पूछताछ की गई तो उसकी निशानदेही पर शव मक्के के खेत से बरामद हुआ। शव मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और फोरेंसिक टीम ने साक्ष्य जुटाए। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।
मृतका के परिजनों ने आरोप लगाया है कि युवक और उसके पिता ने मिलकर शिवानी की हत्या की है। बताया जा रहा है कि चुन्नी से गला दबाकर हत्या की गई और शव को खेत में छिपा दिया गया।
पुलिस ने इस मामले में जुगेंद्र नाम के युवक और उसके पिता को हिरासत में ले लिया है। बिल्सी कोतवाल मनोज कुमार सिंह ने बताया कि परिजनों की तहरीर पर हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
इस दर्दनाक घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल है और लोग कड़ी कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।





