उत्तर प्रदेश

Amroha: जमीन के लालच में मासूम की हत्या

Sarita
19 Jan 2025 8:21 AM IST
Amroha:  जमीन के लालच में मासूम की हत्या
x
Amroha अमरोहा: चाचा-चाची ने 200 गज जमीन के लालच में 5 साल की खुशबू की गला घोंटकर हत्या कर दी। घटना को छिपाने के लिए आरोपियों ने सीढ़ियों से गिरने से बच्ची की मौत होने की जानकारी दी। पुलिस ने बच्ची के शव का पोस्टमार्टम कराया तो चौंकाने वाली बात सामने आई। बच्ची को पहले बेरहमी से पीटा गया। इसके बाद गला घोंटकर उसकी हत्या कर दी गई और शव को छत से नीचे फेंक दिया गया। पुलिस ने आरोपी चाचा-चाची को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। घटना मंडी धनौरा थाना क्षेत्र के गांव पथरकुट्टी की है। गांव पथरकुट्टी में जसपाल सिंह और उनके भाई लोकेश सैनी का परिवार रहता है।
जसपाल की शादी उत्तराखंड के अल्मोड़ा निवासी मनीषा से हुई थी। उनकी एक पांच साल की बेटी खुशबू थी। भाई लोकेश की शादी रजिया से हुई थी। बताया जाता है कि करीब चार साल पहले मनीषा अचानक लापता हो गई थी। मनीषा के लापता होने के एक महीने बाद जसपाल भी कहीं चला गया। थाने में दोनों की गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज है। वहीं, एक साल की खुशबू अकेली रह गई। तब से खुशबू अपने चाचा-चाची के साथ रहती थी। जसपाल के नाम 200 गज की जमीन है। आरोप है कि खुशबू के चाचा-चाची की उस पर नजर थी। शुक्रवार दोपहर पता चला कि खुशबू की छत से गिरकर मौत हो गई। पड़ोसियों ने मामले की सूचना पुलिस को दी।
मामला संदिग्ध देख पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में चौंकाने वाला खुलासा हुआ। इसमें पुष्टि हुई कि खुशबू की मौत गला घोंटने से हुई है। बेटी की मौत की खबर मां मनीषा को किसी तरह मिली तो वह अचानक थाने पहुंची और आरोपियों के खिलाफ तहरीर दी। इसके बाद पुलिस ने आरोपी लोकेश और उसकी पत्नी रजिया को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। सीओ श्वेताभ भास्कर ने बताया कि पति-पत्नी ने जमीन के लालच में 5 साल की बच्ची की हत्या कर दी। दोनों आरोपियों को जेल भेज दिया गया है।
Next Story