उत्तर प्रदेश

अमन गोयल के सपनों को मिले पंख अब आसमान में दिखेगा शौर्य

nidhi
19 Sept 2026 7:15 AM IST
अमन गोयल के सपनों को मिले पंख अब आसमान में दिखेगा शौर्य
x
खिलौने की बंदूक से शुरू हुआ सपना
मेरठ: बचपन में नौचंदी मेले से खिलौने की बंदूक खरीदना और फिर उसे खोलकर यह समझने की कोशिश करना कि आखिर वह काम कैसे करती है। सेना और विमानों को लेकर यही जिज्ञासा आगे चलकर मेरठ के अमन गोयल का जुनून बन गई। अब स्क्वाड्रन लीडर अमन गोयल भारतीय वायुसेना की प्रतिष्ठित सूर्य किरण एरोबैटिक टीम के सदस्य के रूप में अपने ही शहर मेरठ के आसमान में हवाई करतब दिखाएंगे।
मेरठ में 19 और 20 सितंबर को सूर्य किरण एरोबैटिक टीम
का एयर शो आयोजित किया जा रहा है। मोहिउद्दीनपुर स्थित न्यू इंटीग्रेटेड टाउनशिप में होने वाले इस प्रदर्शन में नौ हॉक MK-132 विमान अलग-अलग फॉर्मेशन में उड़ान भरेंगे। विमानों के पीछे केसरिया सफेद और हरे रंग की धुएं की लकीरें आसमान में तिरंगे जैसी छटा बिखेरेंगी। अमन गोयल मेरठ के बागपत रोड क्षेत्र के रहने वाले हैं। उनके पिता अजय कुमार गोयल पेंट्स कारोबारी हैं और मां संगीता गोयल हैं। परिवार के मुताबिक अमन का बचपन से ही सेना की ओर झुकाव था। आसमान में हेलीकॉप्टर या विमान दिखाई देता तो वह उसके बारे में जानने की कोशिश करते थे। नौचंदी मेले से खिलौने की बंदूक लाने और उसकी कार्यप्रणाली समझने की उनकी जिज्ञासा भी इसी रुचि का हिस्सा थी।
अमन ने इंटरमीडिएट तक की पढ़ाई मेरठ के सेंट मैरीज स्कूल से की। वर्ष 2015 में एनडीए की पासिंग आउट परेड पूरी करने के बाद उन्होंने भारतीय वायुसेना में अपनी सेवा शुरू की। फिलहाल उनकी तैनाती हैदराबाद में बताई गई है और वह सूर्य किरण एरोबैटिक टीम का हिस्सा हैं।
सूर्य किरण टीम में जगह बनाना आसान नहीं है। अमन गोयल के मुताबिक टीम में शामिल होने के लिए करीब 20 से 25 फाइटर पायलट आवेदन करते हैं लेकिन इनमें से केवल दो से तीन पायलटों का चयन हो पाता है। चयन के बाद भी पायलटों को कठिन प्रशिक्षण और लगातार अभ्यास से गुजरना पड़ता है। एयर शो में नौ विमानों के बीच बेहद सटीक तालमेल जरूरी होता है।
अमन गोयल और स्क्वाड्रन लीडर विक्रम वेंकटेशन के मुताबिक सामान्य उड़ान में विमान 500 फीट से नीचे नहीं आता लेकिन एयर शो के दौरान विमान करीब 100 फीट की ऊंचाई तक आ सकते हैं। प्रदर्शन के दौरान विमानों की रफ्तार करीब 600 से 800 किलोमीटर प्रति घंटे तक होती है। इतनी तेज रफ्तार और कम ऊंचाई पर नौ विमानों का एक साथ अलग-अलग फॉर्मेशन बनाना टीम की ट्रेनिंग और आपसी तालमेल को दिखाता है।
मेरठ का यह एयर शो अमन के परिवार के लिए भी खास है। परिवार के सदस्य अपने बेटे को अपने ही शहर के आसमान में भारतीय वायुसेना की क्षमता का प्रदर्शन करते देखने के लिए उत्साहित हैं। इस एयर शो में अमन गोयल के साथ मेरठ से जुड़े स्क्वाड्रन लीडर राहुल सिंह और स्क्वाड्रन लीडर शरद गोयल भी हिस्सा ले रहे हैं। बचपन की छोटी-सी जिज्ञासा से शुरू हुआ अमन गोयल का सफर अब भारतीय वायुसेना की सूर्य किरण टीम तक पहुंच चुका है। 19 और 20 सितंबर को जब हॉक विमान मेरठ के आसमान में उड़ान भरेंगे तो शहर के लोगों के लिए अपने स्थानीय पायलटों को सूर्य किरण टीम के साथ देखना इस एयर शो का खास आकर्षण होगा।
Next Story