पंजाब

लॉरेंस गैंग का शूटर गिरफ्तार दो विदेशी पिस्तौल बरामद

nidhi
19 Sept 2026 6:58 AM IST
लॉरेंस गैंग का शूटर गिरफ्तार दो विदेशी पिस्तौल बरामद
x
फायरिंग करने का आरोपी शूटर गिरफ्तार
पटियाला: पंजाब की पटियाला पुलिस ने लॉरेंस बिश्नोई और रविंदर उर्फ काली बलौंगी गैंग से कथित तौर पर जुड़े एक शूटर को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान 21 वर्षीय सिमरदीप सिंह उर्फ जशन के रूप में हुई है, जो मोहाली के खरड़ स्थित बज्जू माजरा कॉलोनी का रहने वाला बताया गया है। पुलिस के मुताबिक आरोपी के कब्जे से दो विदेशी ऑटोमेटिक जिगाना पिस्तौल और आठ जिंदा कारतूस बरामद किए गए हैं।
पुलिस के अनुसार सीआईए स्टाफ की टीम ने खुफिया सूचना के आधार पर सिमरदीप को राजपुरा-पटियाला रोड पर गांव शेखूपुरा के पास से पकड़ा। इस संबंध में थाना सदर पटियाला में मामला दर्ज किया गया है। पुलिस का दावा है कि आरोपी मोहाली में रियल एस्टेट कारोबार से जुड़े लोगों के घरों पर हुई फायरिंग की घटनाओं में वांछित था। प्रारंभिक पूछताछ में पुलिस को पता चला कि सिमरदीप सिंह बुड़ैल जेल में बंद गैंगस्टर रविंदर उर्फ काली बलौंगी का भतीजा है। पुलिस का आरोप है कि लॉरेंस बिश्नोई गैंग की ओर से जुबली बिल्डर ग्रुप से करोड़ों रुपये की रंगदारी मांगी गई थी। रकम नहीं मिलने पर दहशत फैलाने के उद्देश्य से बिल्डरों से जुड़े लोगों के घरों पर फायरिंग कराई गई। पुलिस के मुताबिक जुबली ग्रुप से जुड़े सक्षम छाबड़ा को विदेशी नंबर से फोन कर पांच करोड़ रुपये की रंगदारी देने की धमकी दी गई थी। मांग पूरी नहीं होने पर 4 सितंबर की मध्यरात्रि उसके घर पर कथित तौर पर अंधाधुंध फायरिंग की गई। इसके बाद जुबली ग्रुप से जुड़े बलजीत सिंह से भी वॉट्सऐप ऑडियो संदेश के जरिए चार करोड़ रुपये की रंगदारी मांगे जाने का आरोप है।
पुलिस का कहना है कि रकम नहीं मिलने पर 6 सितंबर की रात मोटरसाइकिल सवार हमलावरों ने बलजीत सिंह के घर पर भी गोलियां चलाईं। इस तरह दोनों मामलों में कुल नौ करोड़ रुपये की रंगदारी मांगे जाने का आरोप सामने आया है। जांच एजेंसियों का दावा है कि गिरफ्तार आरोपी और उसके साथियों ने फायरिंग से पहले संबंधित लोगों के ठिकानों की रेकी भी की थी।
इस मामले में सिमरदीप के कथित साथी आकाशदीप सिंह का नाम भी सामने आया है। मोहाली पुलिस ने इससे पहले आकाशदीप समेत चार आरोपियों को फायरिंग और रंगदारी से जुड़े मामले में गिरफ्तार किया था। जांच में आरोप लगाया गया कि यह नेटवर्क जेल में बंद काली बलौंगी से जुड़ा हुआ था। हालांकि नेटवर्क में अलग-अलग आरोपियों की भूमिका की जांच अभी जारी है।
पुलिस का दावा है कि दोनों फायरिंग की वारदातों में इस्तेमाल किए गए विदेशी हथियार बरामद कर लिए गए हैं। सिमरदीप के खिलाफ मोहाली के फेज-11 थाने में पहले से दो मामले दर्ज होने की जानकारी भी सामने आई है। आरोपी को अदालत में पेश कर रिमांड लेने की प्रक्रिया शुरू की गई है ताकि उससे पूछताछ कर नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों और संभावित वारदातों के बारे में जानकारी जुटाई जा सके। फिलहाल पुलिस की जांच जारी है। रंगदारी और फायरिंग से जुड़े आरोप पुलिस के दावे और जांच पर आधारित हैं और इनका अंतिम निर्धारण न्यायिक प्रक्रिया के तहत होगा।
Next Story