उत्तर प्रदेश

Aligarh News: ग्रीन पार्क अपार्टमेंट के फ्लैट में लगी आग, मची अफरा-तफरी

Sarita
18 Feb 2025 11:47 AM IST
Aligarh News:  ग्रीन पार्क अपार्टमेंट के फ्लैट में लगी आग, मची अफरा-तफरी
x
Aligarh News: अलीगढ़ के थाना महुआखेड़ा के ग्रीन पार्क अपार्टमेंट की चौथी मंजिल पर स्थित एक फ्लैट में 17 फरवरी की देर रात आग लग गई। इससे अपार्टमेंट में अफरातफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने आग पर काबू पाया। पुलिस जांच में स्पष्ट हुआ है कि फ्लैट में बच्चों द्वारा चलाए गए पटाखों के कारण आग लगी थी। गनीमत रही कि समय रहते आग पर काबू पा लिया गया। क्वार्सी-एटा बाईपास रोड पर ग्रीन पार्क अपार्टमेंट है। अपार्टमेंट की चौथी मंजिल पर फ्लैट नंबर बी 408 में राहुल वार्ष्णेय-गुंजन रहते हैं। वह शहर के व्यापारी अनिल जलाली के रिश्तेदार हैं। रात करीब साढ़े दस बजे राहुल का 15 वर्षीय बेटा यश वार्ष्णेय घर में अकेला था।
यश दिवाली के बचे हुए पटाखे फोड़ने लगा। इससे फ्लैट में आग लग गई। उपेंद्र कुमार, ईशान, पार्थ, रोहित गौरांग, विकास, राजीव आदि वहां पहुंचे और करीब एक घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद फायर हाइड्रेंट की मदद से सबमर्सिबल चलाकर आग पर काबू पाया। सूचना मिलते ही महुआ खेड़ा थाने की पुलिस और दमकल की गाड़ियां मौके पर पहुंच गईं। उधर, आग की खबर से पूरे अपार्टमेंट में अफरातफरी मच गई। सभी लोग अपने फ्लैट से बाहर निकल आए। मुख्य अग्निशमन अधिकारी अरविंद कुमार सिंह ने बताया है कि प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण बच्चों द्वारा दिवाली के बचे हुए पटाखे फोड़ना पाया गया है। आग में हजारों रुपये का घरेलू सामान जल गया।
Next Story