उत्तर प्रदेश

एक्सप्रेस-वे पर अब AI सिस्टम रखेगा नजर

Saba Naaz
6 July 2026 2:44 PM IST
एक्सप्रेस-वे पर अब AI सिस्टम रखेगा नजर
x

आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे: यात्रियों की सुरक्षा को और मजबूत करने के लिए हाईटेक निगरानी व्यवस्था लागू की जा रही है। इसके तहत आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) आधारित सिस्टम, नाइट विजन कैमरे और इमरजेंसी कॉल बॉक्स की मदद से पूरे एक्सप्रेसवे पर हर गतिविधि पर नजर रखी जाएगी। इस नई व्यवस्था से हादसों और आपात स्थितियों पर तुरंत कार्रवाई संभव हो सकेगी।

यूपीडा ने एक्सप्रेसवे पर एडवांस्ड ट्रैफिक मैनेजमेंट सिस्टम (ATMS) कंट्रोल रूम तैयार कर लिया है, जहां से 0 से 100 किलोमीटर तक के हिस्से की रियल टाइम निगरानी की जाएगी। कंट्रोल रूम में 9 मीटर लंबी और 2 मीटर चौड़ी एलईडी वीडियो वॉल लगाई गई है, जिससे पूरे मार्ग की लाइव मॉनिटरिंग की जाएगी। इसके साथ ही मौसम, जाम, दुर्घटना और डायवर्जन जैसी जानकारी वाहन चालकों को तुरंत वेरिएबल मैसेज साइन (VMS) के जरिए दी जाएगी। एक्सप्रेसवे पर हादसों को रोकने के लिए व्हीकल इंसिडेंट डिटेक्शन सिस्टम भी लगाया जा रहा है, जो रॉन्ग साइड से आने वाले वाहनों की तुरंत पहचान कर कंट्रोल रूम को अलर्ट भेजेगा। इससे दुर्घटनाओं की संभावना को कम किया जा सकेगा।

नई व्यवस्था के तहत हर एक किलोमीटर पर हाई क्वालिटी नाइट विजन सीसीटीवी कैमरे लगाए जा रहे हैं। पहले यह दूरी पांच किलोमीटर थी, जिसे अब काफी कम कर दिया गया है ताकि निगरानी और सटीक हो सके। वहीं, हर दो किलोमीटर पर इमरजेंसी कॉल बॉक्स लगाए गए हैं, जिससे यात्री सीधे कंट्रोल रूम से संपर्क कर सकेंगे। यूपीडा के अधिकारियों के अनुसार, सभी तकनीकी सिस्टम पूरी तरह सक्रिय होने के बाद दुर्घटनाओं की सूचना तुरंत मिलेगी और राहत एवं बचाव दल बिना देरी के मौके पर पहुंच सकेगा। इससे एक्सप्रेसवे पर यात्रा पहले की तुलना में अधिक सुरक्षित और सुगम होगी।

इस हाईटेक व्यवस्था से न केवल सड़क सुरक्षा बढ़ेगी बल्कि ट्रैफिक प्रबंधन भी अधिक प्रभावी और तेज हो जाएगा।

Next Story