- Home
- /
- राज्य
- /
- उत्तर प्रदेश
- /
- कहासुनी के बाद गर्भवती...
कहासुनी के बाद गर्भवती पत्नी पर बरसाए डंडे, एक साल की बेटी के सिर से उठा मां का साया

कहासुनी के बाद गर्भवती पत्नी पर बरसाए डंडे, एक साल की बेटी के सिर से उठा मां का साया
हरदोई। जिले के बिलग्राम कोतवाली क्षेत्र के मयोरा गांव में घरेलू विवाद के दौरान सात माह की गर्भवती महिला की कथित तौर पर डंडे से पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। महिला को बचाने पहुंची आरोपी की मां भी मारपीट में घायल हो गई। घटना के बाद फरार हुए आरोपी पति को पुलिस ने हिरासत में ले लिया है।
जानकारी के मुताबिक मयोरा गांव निवासी विशाल पाल की शादी करीब तीन साल पहले 24 वर्षीय किरन से हुई थी। दंपती की एक साल की बेटी है और किरन सात माह की गर्भवती थी।
कहासुनी के बाद डंडे से हमला
मंगलवार शाम किसी बात को लेकर पति-पत्नी के बीच विवाद शुरू हुआ। आरोप है कि कहासुनी बढ़ने के बाद विशाल ने किरन पर डंडे से हमला कर दिया। लगातार हमले के कारण वह गंभीर रूप से घायल हो गई।
बहू की चीख सुनकर विशाल की मां प्रेमा उसे बचाने पहुंची। आरोप है कि बेटे को रोकने की कोशिश करने पर विशाल ने अपनी मां के साथ भी मारपीट की, जिससे उन्हें चोटें आईं।
पड़ोसियों ने पुलिस को दी सूचना
घर से चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस और एंबुलेंस को सूचना दी गई। गंभीर रूप से घायल किरन को तत्काल बिलग्राम सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया।
अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने किरन को मृत घोषित कर दिया। इसके बाद पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और मृतका के मायके पक्ष को घटना की जानकारी दी।
आरोपी पति हिरासत में
अपर पुलिस अधीक्षक पूर्वी सुबोध गौतम के मुताबिक आरोपी पति को हिरासत में ले लिया गया है। पुलिस घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है।
परिजनों की शिकायत और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।





