उत्तर प्रदेश

लंबे इंतजार के बाद गंगा बैराज पर लौटीं डॉल्फिन बिजनौर में दिखा खूबसूरत नजारा

nidhi
18 Sept 2026 7:59 AM IST
लंबे इंतजार के बाद गंगा बैराज पर लौटीं डॉल्फिन बिजनौर में दिखा खूबसूरत नजारा
x
उथली धारा ने दूर किया था अब गंगा बैराज पर फिर दिखीं डॉल्फिन

बिजनौर : उत्तर प्रदेश के बिजनौर स्थित गंगा बैराज पर एक बार फिर गंगेज डॉल्फिन दिखाई देने लगी हैं। लंबे समय से नजर नहीं आने के बाद डॉल्फिन की वापसी से पर्यटकों और वन विभाग में खुशी का माहौल है। पानी का स्तर बढ़ने के बाद डॉल्फिन फिर से बैराज क्षेत्र के आसपास आने लगी हैं। गंगा बैराज पर डॉल्फिन देखने के लिए लोग जल सफारी का आनंद लेने पहुंचते हैं। लेकिन कुछ समय पहले नदी में पानी का स्तर कम होने और धारा उथली होने के कारण डॉल्फिन गहरे पानी की ओर चली गई थीं। जून के आसपास गंगा में पानी काफी कम हो गया था, जिससे बैराज क्षेत्र में सिल्ट के टापू नजर आने लगे थे और डॉल्फिन दिखाई देना बंद हो गई थीं। अब मानसून के बाद गंगा में जलस्तर बढ़ने और बहाव बेहतर होने से डॉल्फिन दोबारा बैराज के आसपास नजर आ रही हैं। वन विभाग के अधिकारियों के अनुसार पिछले कुछ दिनों से डॉल्फिन की गतिविधियां फिर से देखी जा रही हैं, जिससे जल सफारी से जुड़े लोगों और पर्यटकों में उत्साह बढ़ा है।

गंगा की खास पहचान हैं डॉल्फिन
गंगा में मिलने वाली डॉल्फिन को गंगेटिक डॉल्फिन कहा जाता है। यह भारत की राष्ट्रीय जलीय जीव भी है। ये डॉल्फिन देखने में सक्षम नहीं होतीं और अपने शरीर से निकलने वाली ध्वनि तरंगों की मदद से दिशा और शिकार का पता लगाती हैं। बिजनौर गंगा बैराज क्षेत्र डॉल्फिन संरक्षण के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जाता है। यहां से डॉल्फिन की गणना अभियान भी शुरू किया जाता है, जो आगे नरौरा बैराज तक चलता है। संरक्षण के लिए प्रशासन और वन विभाग लगातार प्रयास कर रहे हैं।
मोटर बोट के शोर से भी प्रभावित हुई थीं डॉल्फिन
कुछ समय पहले गंगा में चलने वाली मोटर बोट के शोर और कंपन से डॉल्फिन प्रभावित हुई थीं। पानी में तेल जाने और आवाज के कारण उनके दूर जाने की बात सामने आई थी। इसके बाद प्रशासन ने मोटर बोट में बदलाव कर इलेक्ट्रिक इंजन का इस्तेमाल शुरू किया, जिससे प्रदूषण और शोर कम हुआ। डॉल्फिन की वापसी को गंगा के पर्यावरण के लिए सकारात्मक संकेत माना जा रहा है। नदी में जलस्तर सामान्य रहने और संरक्षण के प्रयास जारी रहने से आने वाले समय में यहां और अधिक डॉल्फिन दिखाई देने की उम्मीद है।

Next Story