- Home
- /
- राज्य
- /
- उत्तर प्रदेश
- /
- सोते समय व्यापारी के...
उत्तर प्रदेश
सोते समय व्यापारी के बेटे की हत्या सिर पर वार कर उतारा मौत के घाट
nidhi
18 Sept 2026 7:43 AM IST

x
पुत्र की बेरहमी से हत्या धारदार हथियार
गोरखपुर : यूपी के गोरखपुर में बांसगांव थाना क्षेत्र के जयंतीपुर गांव में एक युवक की बुधवार रात सोते समय हत्या किए जाने से सनसनी फैल गई। गुरुवार तड़के घर के बरामदे में उसकी लाश मिली। आशंका है कि देर रात सिर पर धारदार हथियार से वार कर उसे मौत के घाट उतारा गया। पुलिस ने मृतक के चचेरे भाई की तहरीर पर अज्ञात पर हत्या का केस दर्ज किया है। पुलिस की आठ टीमें जांच में जुटी हैं।
जयंतीपुर के रहने वाले स्वदेश मिश्र की मिठाई की दुकान है। उनकी किडनी खराब होने की वजह से ट्रांसप्लांट कराने के लिए पूरा परिवार लखनऊ गया हुआ था। घर पर उनका 19 वर्षीय पुत्र बीएससी प्रथम वर्ष का छात्र कार्तिकेय उर्फ शुभम मिश्र अकेला था। बुधवार की रात शुभम खाना खाने के बाद घर के बाहर बरामदे में सोने चला गया। गुरुवार तड़के करीब पांच बजे घर के सामने से गुजर रहे लोगों ने उसका शव देखा तो हड़कंप मच गया। पास में खून पसरा था। लोगों ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस शुभम को अस्पताल ले गई, लेकिन उसकी मौत हो चुकी थी। एसएसपी डॉ. कौस्तुभ ने एसपी साउथ दिनेश पुरी व स्थानीय टीम के साथ मौके पर पहुंचकर जानकारी ली।
शव का पोस्टमार्टम कराने के बाद राजघाट राप्ती तट पर अंतिम संस्कार कर दिया गया। पुलिस मृतक के चचेरे भाई विक्की की तहरीर पर अज्ञात के खिलाफ हत्या का केस दर्ज जांच कर रही है। आरोपियों की शिनाख्त के लिए आठ टीमें लगाई गई हैं। एसपी साउथ, दिनेश पुरी ने कहा कि युवक के सिर पर गंभीर घाव के निशान मिले हैं। पोस्टमार्टम के बाद शव का अंतिम संस्कार करा दिया गया है। परिजनों की तहरीर पर केस दर्ज कर लिया गया है। हत्या की वजह और आरोपितों की पहचान के लिए पुलिस की आठ टीमें लगाई गई हैं।
मोबाइल खोलेगा राज, आठ टीमें लगीं
बांसगांव के जयंतीपुर में बीएससी छात्र कार्तिकेय उर्फ शुभम मिश्रा की हत्या की वजह तलाशने में पुलिस कई पहलुओं पर जांच कर रही है। फिलहाल, पुलिस के सामने प्रेम प्रसंग, दोस्तों से दुश्मनी और सोशल मीडिया के जरिए हुई रार तीन प्रमुख बिंदु हैं। अब तक की जांच में प्रेम प्रसंग में हत्या की अधिक आशंका है। घटना के बाद पुलिस ने जांच के लिए आठ टीमें लगाई हैं। पुलिस को शुभम के मोबाइल की जांच के दौरान एक युवती की फोटो मिली है। इसके बाद पुलिस इस पहलू को भी गंभीरता से खंगाल रही है। मोबाइल में मौजूद फोटो, कॉल डिटेल, संपर्क में रहे लोगों और हाल के संदेशों की जांच की जा रही है। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि शुभम किन लोगों के संपर्क में था और घटना से पहले उसकी किन लोगों से बातचीत हुई थी। हत्या के बाद पुलिस गांव और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। पुलिस ग्रामीणों से पूछताछ कर संदिग्ध गतिविधियों की जानकारी भी जुटा रही है।
तीन भाई-बहनों में सबसे छोटा था शुभम
शुभम दो भाइयों और एक बहन में सबसे छोटा था। तीनों भाई-बहन अविवाहित हैं। मां गृहिणी हैं। स्वदेश चार भाइयों में से एक हैं और चारों भाइयों का संयुक्त परिवार एक ही परिसर में रहता है।
सोशल मीडिया संपर्कों की भी जानकारी जुटा रही पुलिस
जांच में शुभम के दोस्तों के बीच किसी पुराने विवाद या रंजिश की भी पड़ताल की जा रही है। पुलिस यह जानने की कोशिश कर रही है कि उसका किसी दोस्त या परिचित से हाल में विवाद तो नहीं हुआ था। इसके अलावा सोशल मीडिया पर सक्रियता और किसी व्यक्ति से ऑनलाइन विवाद की भी जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस शुभम के सोशल मीडिया अकाउंट और मोबाइल में उपलब्ध डिजिटल गतिविधियों को भी जांच का हिस्सा बना रही है।
पूर्व में पिता से मांगी गई थी 20 लाख की रंगदारी
शुभम के पिता स्वदेश मिश्रा की कस्बे में ही मिठाई की दुकान है। परिवार के अनुसार साल 2021 में स्वदेश मिश्रा से 20 लाख रुपये की रंगदारी मांगी गई थी। इस मामले में गैंगस्टर शनि सिंह पर आरोप लगाए गए थे। इस मामले में मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने परिवार को सुरक्षा उपलब्ध कराई थी। शुभम की हत्या के बाद पुलिस इस पुराने विवाद को भी जांच के प्रमुख बिंदुओं में इसे भी शामिल कर रही है।
Next Story





