- Home
- /
- राज्य
- /
- उत्तर प्रदेश
- /
- आरोपी अविनाश शुक्ला 24...

उत्तर प्रदेश: अयोध्या राम मंदिर चढ़ावा चोरी मामले में जांच तेज हो गई है। इस केस के प्रमुख आरोपी अविनाश शुक्ला को अदालत ने 24 घंटे की पुलिस रिमांड पर भेजने की अनुमति दी है। पुलिस ने 48 घंटे की रिमांड की मांग की थी, लेकिन कोर्ट ने दोनों पक्षों की दलील सुनने के बाद सिर्फ एक दिन की रिमांड मंजूर की।
अब पुलिस इस दौरान अविनाश शुक्ला से बरामद नकदी, विदेशी मुद्रा, सोना-चांदी और पूरे नेटवर्क से जुड़े पहलुओं पर गहन पूछताछ करेगी। जांच एजेंसियों का मानना है कि पूछताछ से चढ़ावे की कथित हेराफेरी और इसमें शामिल अन्य लोगों की भूमिका स्पष्ट हो सकती है।
पुलिस जांच में अब तक आरोपी के पास से करीब 20.39 लाख रुपये नकद, 1,121 अमेरिकी डॉलर, 11 ग्राम सोना और 375 ग्राम चांदी बरामद हुई है। इसे अब तक की सबसे बड़ी बरामदगी माना जा रहा है।
इसी केस में अन्य आरोपियों से भी बड़ी मात्रा में नकदी बरामद की गई है। करुणेश पांडे से 18.07 लाख, अनुकल्प मिश्रा से 16.82 लाख, लवकुश मिश्रा से 14.25 लाख, रामाशंकर मिश्रा से 7.32 लाख और रामाशंकर यादव उर्फ टिन्नू से 1 लाख रुपये मिले हैं।
जांच के दौरान एक योग केंद्र से ‘रामराज्य कोष’ नाम का दानपात्र भी मिला है, जिस पर QR कोड लगा था। SIT की जांच के आधार पर अब तक आठ लोगों की गिरफ्तारी हो चुकी है और पूरे नेटवर्क की कड़ियां जोड़ी जा रही हैं।





