- Home
- /
- राज्य
- /
- उत्तर प्रदेश
- /
- समस्या लेकर पहुंचा...
समस्या लेकर पहुंचा युवक बना चर्चा का विषय, कुल्हाड़ी देख लोग सहमे

लखीमपुर। जिलाधिकारी कार्यालय परिसर में गुरुवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक युवक ज्ञापन देने के बाद अचानक कुल्हाड़ी लहराते हुए प्रदर्शन करने लगा। युवक की इस हरकत से कलेक्ट्रेट में मौजूद फरियादी और सुरक्षाकर्मी दहशत में आ गए। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। सूचना मिलने के बाद पहुंची पुलिस ने युवक को हिरासत में लेकर पूछताछ की और बाद में हिदायत देकर छोड़ दिया।
जानकारी के अनुसार, सिंगाही थाना क्षेत्र के भैरमपुर गांव निवासी राम सिंह अपनी शिकायत लेकर जिलाधिकारी कार्यालय पहुंचा था। उसने डीएम को एक प्रार्थना पत्र देकर आरोप लगाया कि गांव में जिस जमीन पर वह करीब 20 वर्षों से कूड़ा डाल रहा है, उस पर पूर्व प्रधान वीरेंद्र सिंह कब्जा करने का प्रयास कर रहे हैं। राम सिंह का आरोप है कि जब वह उक्त स्थान पर कूड़ा डालने गया तो पूर्व प्रधान ने अपने पुत्र जितेंद्र सिंह, विनोद सिंह और नीरज सिंह के साथ मिलकर उसके साथ गाली-गलौज की और मारपीट की कोशिश की।
युवक ने बताया कि उसने इस मामले में थाने में शिकायत भी दी थी, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। इसके बाद वह अपनी फरियाद लेकर जिलाधिकारी कार्यालय पहुंचा। डीएम को ज्ञापन देने के बाद जैसे ही वह बाहर निकला, उसने अचानक कुल्हाड़ी निकाल ली और सभागार के सामने उसे लहराते हुए प्रदर्शन शुरू कर दिया।
कुल्हाड़ी हाथ में देखकर कलेक्ट्रेट परिसर में मौजूद लोगों में डर का माहौल बन गया। कई लोग वहां से दूर हट गए, जबकि सुरक्षा में तैनात पुलिसकर्मी तुरंत सक्रिय हो गए। कुछ ही देर में पुलिस मौके पर पहुंची और युवक को हिरासत में ले लिया। इस दौरान वहां मौजूद लोगों ने पूरी घटना का वीडियो बना लिया, जो बाद में सोशल मीडिया पर वायरल हो गया।
प्रदर्शन के दौरान राम सिंह ने खुद को पृथ्वीराज चौहान का वंशज बताते हुए कई बातें कहीं। उसने अधिकारियों को लेकर भी टिप्पणी की। युवक ने कहा कि उसने पहले पंचर जोड़ने का काम किया है और उसके पिता साइकिल की अच्छी सर्विसिंग करते थे। इस दौरान उसने अधिकारियों के खिलाफ भी नाराजगी जाहिर की।
वहीं, युवक की मां ने आरोप लगाया कि वह पिछले तीन दिनों से थाने और प्रशासनिक अधिकारियों के कार्यालयों के चक्कर लगा रही हैं, लेकिन उनकी शिकायत पर कोई सुनवाई नहीं हो रही है। उन्होंने बताया कि पूर्व प्रधान और उनके परिवार की ओर से धमकी दी जा रही है, जिससे उनका परिवार डर के माहौल में रह रहा है।
महिला ने कहा कि घर में छोटे बच्चे हैं और परिवार पहले से परेशान है। उन्होंने प्रशासन से सुरक्षा और उचित कार्रवाई की मांग की। उनका कहना है कि अगर समय रहते कार्रवाई नहीं हुई तो कोई बड़ी घटना हो सकती है।
हालांकि, मामले में पुलिस ने युवक से पूछताछ के बाद उसे छोड़ दिया। शहर कोतवाल राजेश कुमार सिंह ने बताया कि युवक को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई थी। उसकी मां ने युवक की मानसिक स्थिति ठीक नहीं होने की बात कही है। पुलिस ने उसे दोबारा ऐसी हरकत नहीं करने की हिदायत देकर छोड़ दिया है।
पुलिस अधिकारियों ने कहा कि कलेक्ट्रेट परिसर की सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत किया जाएगा, ताकि भविष्य में इस तरह की घटना दोबारा न हो। वहीं, दूसरी ओर सिंगाही पुलिस ने भी मामले की जांच शुरू कर दी है। ग्रामीणों की ओर से युवक पर भी जमीन कब्जाने और विवाद करने के आरोप लगाए गए हैं। पुलिस सभी पक्षों की शिकायतों की जांच कर रही है।





