- Home
- /
- राज्य
- /
- उत्तर प्रदेश
- /
- Meerut में साइबर ठगी...
Meerut में साइबर ठगी का बड़ा खुलासा, फर्जी जनसेवा केंद्र की आड़ में बाप-बेटा गिरफ्तार

Meerut: मेरठ में साइबर अपराध के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए साइबर सेल और लिसाड़ी गेट थाना पुलिस ने एक ऐसे गिरोह का पर्दाफाश किया है, जो फर्जी जनसेवा केंद्र की आड़ में लोगों के पहचान पत्रों का दुरुपयोग कर बैंक खाते और कार्ड तैयार करता था। पुलिस ने इस मामले में बाप-बेटे को गिरफ्तार किया है, जबकि एक अन्य आरोपी फरार है जिसकी तलाश जारी है।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अरकम और उसके पिता निजामुद्दीन के रूप में हुई है, जो अंसार कॉलोनी, गोला कुआं, थाना कोतवाली क्षेत्र के निवासी हैं। पुलिस के अनुसार, गिरोह का तीसरा सदस्य अबूबकर अभी फरार है और उसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है। मामले की जानकारी एसपी क्राइम अवनीश कुमार ने पुलिस लाइन में आयोजित प्रेस वार्ता में दी।
जांच में सामने आया है कि आरोपी गरीब, अशिक्षित और जरूरतमंद लोगों को सरकारी योजनाओं और बैंकिंग सुविधाओं का लाभ दिलाने के नाम पर अपने जाल में फंसाते थे। वे उनके आधार कार्ड, वोटर आईडी, पैन कार्ड और अन्य दस्तावेज हासिल कर लेते थे और बाद में इनका इस्तेमाल फर्जी पहचान बनाकर बैंक खाते खोलने में करते थे।
इन खातों के जरिए डेबिट और क्रेडिट कार्ड जारी कराए जाते थे, जिनका उपयोग ऑनलाइन लेनदेन और संदिग्ध धनराशि के ट्रांसफर में किया जाता था। पुलिस का कहना है कि यह एक संगठित साइबर फ्रॉड नेटवर्क हो सकता है, जिसके तार अन्य राज्यों से भी जुड़े होने की आशंका है।
छापेमारी के दौरान पुलिस ने भारी मात्रा में दस्तावेज बरामद किए हैं, जिनमें 180 आधार कार्ड, 139 वोटर आईडी कार्ड, 97 पैन कार्ड, 92 डेबिट-क्रेडिट कार्ड, 10 बैंक पासबुक, 5 चेकबुक, 16 ब्लैंक हेल्थ कार्ड, 10 रबर स्टैम्प और सील मोहर शामिल हैं। इसके अलावा दो मोबाइल फोन भी जब्त किए गए हैं, जिनकी जांच जारी है।
पुलिस का मानना है कि बरामद मोबाइल और दस्तावेजों से साइबर ठगी के बड़े नेटवर्क का खुलासा हो सकता है। फिलहाल सभी दस्तावेजों की जांच की जा रही है ताकि अन्य पीड़ितों और खातों की पहचान की जा सके।
पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया है। थाना लिसाड़ी गेट में मामला दर्ज कर आगे की जांच की जा रही है। फरार आरोपी की गिरफ्तारी के बाद पूरे नेटवर्क से जुड़े और भी अहम खुलासे होने की संभावना जताई जा रही है।





