उत्तर प्रदेश

जन्माष्टमी पर 1000 क्विंटल फूलों से सजेगा भव्य फूल बंगला

nidhi
3 Sept 2026 8:47 AM IST
जन्माष्टमी पर 1000 क्विंटल फूलों से सजेगा भव्य फूल बंगला
x
1000 क्विंटल फूलों से होगी भव्य सजावट
मेरठ: श्रीकृष्ण जन्माष्टमी को लेकर मेरठ में तैयारियां अंतिम चरण में पहुंच गई हैं। चार सितंबर को शहर में भगवान श्रीकृष्ण का जन्मोत्सव धूमधाम से मनाया जाएगा। इस्कॉन मंदिर शास्त्रीनगर की ओर से गढ़ रोड स्थित ला फ्लोरा रिसोर्ट में भव्य श्रीकृष्ण जन्माष्टमी महामहोत्सव का आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम शाम 6:30 बजे से शुरू होकर मध्यरात्रि के बाद तक चलेगा। जन्माष्टमी के लिए भगवान श्रीकृष्ण का भव्य फूल बंगला तैयार किया जाएगा। आयोजकों के अनुसार करीब 30 फीट के फूल बंगले को सजाने के लिए मथुरा-वृंदावन सहित विभिन्न स्थानों से फूल मंगाए जाएंगे। इसमें देशी और विदेशी फूलों का इस्तेमाल किया जाएगा। आकर्षक सजावट के बीच भगवान श्रीकृष्ण श्रद्धालुओं को दर्शन देंगे।
आधी रात होगा महाभिषेक
कार्यक्रम का सबसे महत्वपूर्ण हिस्सा मध्यरात्रि में भगवान श्रीकृष्ण का प्राकट्य उत्सव होगा। रात 12 बजे भगवान का पंचामृत से महाभिषेक किया जाएगा। दूध, दही, घी, शहद और शर्करा मिश्रित गंगाजल से वैदिक मंत्रोच्चारण के बीच अभिषेक होगा। श्रद्धालुओं को भी बारी-बारी से अभिषेक में शामिल होने का अवसर मिलेगा। आयोजकों ने कार्यक्रम में शामिल होने वाले श्रद्धालुओं से पारंपरिक वस्त्र पहनकर आने का अनुरोध किया है।
भगवान को लगेगा 256 व्यंजनों का भोग
इस बार जन्माष्टमी पर भगवान श्रीकृष्ण को 256 प्रकार के सात्विक व्यंजनों का महाभोग अर्पित करने की तैयारी है। इसमें माखन-मिश्री, विभिन्न प्रकार की मिठाइयां, नमकीन, फल और अन्य सात्विक व्यंजन शामिल होंगे। सभी व्यंजन बिना प्याज और लहसुन के तैयार किए जाएंगे। बाल गोपाल के लिए विशेष झूला उत्सव भी आयोजित होगा। भगवान को आकर्षक झूले में विराजमान किया जाएगा और श्रद्धालुओं को अपने हाथों से लड्डू गोपाल को झूला झुलाने का अवसर मिलेगा।
हरे कृष्ण महामंत्र से गूंजेगा आयोजन
जन्माष्टमी के दौरान भजन-कीर्तन और संकीर्तन भी मुख्य आकर्षण रहेंगे। श्रद्धालु हरे कृष्ण और हरे राम महामंत्र का संकीर्तन करेंगे। भगवान श्रीकृष्ण के जन्म की घड़ी नजदीक आने के साथ कार्यक्रम में भक्ति और उत्साह का माहौल बढ़ता जाएगा। आधी रात कान्हा के जन्म के साथ शंख और घंटियों की ध्वनि के बीच श्रद्धालु भगवान श्रीकृष्ण के जयकारे लगाएंगे। महाभिषेक और आरती के बाद श्रद्धालुओं के लिए महाप्रसाद की व्यवस्था भी रहेगी।
186 मंदिरों में होंगे कार्यक्रम
जन्माष्टमी को देखते हुए मेरठ में बड़े स्तर पर सुरक्षा व्यवस्था भी की गई है। जिले के करीब 186 मंदिरों में धार्मिक कार्यक्रम प्रस्तावित हैं। मेरठ रेंज में कुल 303 मंदिरों में जन्माष्टमी से जुड़े आयोजन होंगे। मेरठ रेंज को सुरक्षा के लिहाज से 24 जोन और 81 सेक्टर में बांटा गया है। करीब 3500 पुलिसकर्मियों के साथ 60 क्विक रिस्पांस टीमों को तैनात करने की तैयारी है। शोभायात्राओं और संवेदनशील स्थानों पर भी विशेष निगरानी रखी जाएगी। चार सितंबर को होने वाले जन्माष्टमी महोत्सव को लेकर श्रद्धालुओं में उत्साह है। भव्य फूल बंगले, 256 व्यंजनों के महाभोग, झूला उत्सव, महाभिषेक और हरे कृष्ण संकीर्तन के साथ मेरठ में कान्हा का जन्मोत्सव भक्तिमय माहौल में मनाया जाएगा।
Next Story