उत्तर प्रदेश

Muzaffarnagar के अम्मार की बड़ी उपलब्धि, IIT (BHU) में मिली जगह

Ratna Netam
15 July 2026 7:22 PM IST
Muzaffarnagar  के अम्मार की बड़ी उपलब्धि, IIT (BHU) में मिली जगह
x

Meerapur मीरापुर : मीरापुर (मुजफ्फरनगर)। क्षेत्र के प्रतिष्ठित शैक्षणिक संस्थान भगवंत इंस्टीट्यूट ऑफ फार्मेसी के नाम एक और बड़ी उपलब्धि जुड़ गई है। संस्थान के मेधावी छात्र मोहम्मद अम्मार ने अपनी मेहनत, लगन और उत्कृष्ट शैक्षणिक प्रदर्शन के दम पर देश के प्रतिष्ठित तकनीकी एवं अनुसंधान संस्थानों में शामिल आईआईटी (बीएचयू), वाराणसी के एम.फार्म (फार्माकोग्नोसी) पाठ्यक्रम में प्रवेश प्राप्त किया है। छात्र की इस सफलता से भगवंत ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशंस में खुशी और उत्साह का माहौल है।

मोहम्मद अम्मार की इस उपलब्धि को संस्थान के लिए गौरव का क्षण बताते हुए भगवंत ग्रुप के चेयरमैन डॉ. अनिल सिंह ने उन्हें बधाई दी। उन्होंने कहा कि अम्मार की सफलता उनके अनुशासन, मेहनत और निरंतर प्रयासों का परिणाम है। उन्होंने विश्वास जताया कि अम्मार भविष्य में उच्च शिक्षा और अनुसंधान के क्षेत्र में बेहतर कार्य करते हुए संस्थान और देश का नाम रोशन करेंगे।

उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और बेहतर अवसर उपलब्ध कराने का संस्थान का उद्देश्य है, ताकि वे राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बना सकें। मोहम्मद अम्मार की सफलता अन्य विद्यार्थियों के लिए भी प्रेरणा का स्रोत बनेगी।

संस्थान के निदेशक डॉ. अनुराग विजय अग्रवाल ने भी छात्र की इस उपलब्धि पर खुशी जताई। उन्होंने कहा कि आईआईटी (बीएचयू) जैसे देश के प्रतिष्ठित संस्थान में छात्र का चयन होना पूरे कॉलेज परिवार के लिए गर्व की बात है। यह सफलता साबित करती है कि सही मार्गदर्शन, मेहनत और सकारात्मक सोच के साथ विद्यार्थी बड़े लक्ष्य हासिल कर सकते हैं।

वहीं, उप निदेशक डॉ. पुष्पनील वर्मा ने मोहम्मद अम्मार को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि सफलता के लिए लक्ष्य का स्पष्ट होना और ईमानदारी से प्रयास करना जरूरी है। उन्होंने कहा कि अम्मार ने अपनी मेहनत के बल पर यह मुकाम हासिल किया है और वह भविष्य में भी नए कीर्तिमान स्थापित करेंगे।

कॉलेज के प्राचार्य डॉ. सचिन सिंघल और विभागाध्यक्ष अंशिका अग्रवाल ने संयुक्त रूप से मोहम्मद अम्मार के उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने कहा कि एम.फार्म (फार्माकोग्नोसी) के दौरान छात्र दवाइयों के प्राकृतिक स्रोतों और औषधीय पौधों से जुड़े क्षेत्र में बेहतर शोध कर सकते हैं। उनके शोध से चिकित्सा क्षेत्र को नई दिशा मिलने की उम्मीद है।

फार्माकोग्नोसी फार्मेसी की एक महत्वपूर्ण शाखा है, जिसमें प्राकृतिक स्रोतों से प्राप्त औषधियों, औषधीय पौधों और उनके चिकित्सीय उपयोगों का अध्ययन किया जाता है। इस क्षेत्र में शोध की अपार संभावनाएं हैं और मोहम्मद अम्मार के चयन से संस्थान को उम्मीद है कि वह भविष्य में इस क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देंगे।

मोहम्मद अम्मार की सफलता पर कॉलेज के सभी प्राध्यापकों, प्रशासनिक कर्मचारियों और सहपाठियों ने खुशी जताई। संस्थान में आयोजित कार्यक्रम के दौरान छात्र को मिठाई खिलाकर बधाई दी गई और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई। इस उपलब्धि ने न केवल भगवंत इंस्टीट्यूट ऑफ फार्मेसी बल्कि पूरे मीरापुर क्षेत्र का गौरव बढ़ाया है।

Next Story