- Home
- /
- राज्य
- /
- उत्तर प्रदेश
- /
- 18 माह की बच्ची अचानक...
उत्तर प्रदेश
18 माह की बच्ची अचानक हुई लापता, तलाश के दौरान नाले में मिला शव
nidhi
20 Sept 2026 8:37 AM IST

x
खेलते वक्त गायब हुई डेढ़ साल की बच्ची
गोरखपुर: उत्तर प्रदेश के गोरखपुर में दर्दनाक हादसा सामने आया है। गोरखनाथ क्षेत्र में घर के पास खेल रही 18 महीने की बच्ची अचानक लापता हो गई। परिजनों और पुलिस ने कई घंटे तक उसकी तलाश की, लेकिन बाद में बच्ची का शव उसकी झोपड़ी के नीचे बने नाले से बरामद हुआ। आशंका जताई जा रही है कि नाले को ढकने वाले स्लैब के बीच बने गैप से बच्ची नीचे गिर गई थी।
मामला बीआर केमिकल चौराहा क्षेत्र का है। यहां रहने वाले रामलखन की 18 महीने की बेटी मीना शनिवार सुबह करीब आठ बजे घर के पास से अचानक गायब हो गई। बच्ची दिखाई नहीं देने पर परिजनों ने आसपास उसकी तलाश शुरू की। काफी खोजबीन के बाद भी कोई जानकारी नहीं मिली तो बच्ची की मां मंशा देवी ने सुबह करीब 11 बजे पुलिस को सूचना दी।
मामले की गंभीरता को देखते हुए गोरखनाथ थाना पुलिस तत्काल सक्रिय हुई। बच्ची की तलाश के लिए चार पुलिस टीमें गठित की गईं। पुलिसकर्मियों ने आसपास की झोपड़ियों, गलियों, रास्तों और उन सभी संभावित स्थानों पर खोजबीन की जहां बच्ची के जाने की संभावना थी। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली गई, लेकिन कैमरों में बच्ची के आने-जाने का कोई स्पष्ट सुराग नहीं मिला।
इसके बाद पुलिस ने आसपास के नालों और दूसरे संभावित स्थानों की जांच शुरू की। नगर निगम की टीम को भी मौके पर बुलाया गया। तलाश के दौरान पुलिस और नगर निगम की टीम को बच्ची का शव उसकी झोपड़ी के नीचे बने नाले में मिला। शव बरामद होने की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया।
परिजनों के मुताबिक घटना से करीब दो दिन पहले नाले की सफाई की गई थी। आरोप है कि सफाई के बाद नाले को ढकने के लिए लगाए गए स्लैब को ठीक तरीके से नहीं रखा गया था। इससे स्लैब के बीच खाली जगह रह गई थी। परिवार को आशंका है कि खेलते समय मीना इसी गैप से नाले में गिर गई और पानी में डूबने से उसकी मौत हो गई। हालांकि मौत की वास्तविक वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच के बाद स्पष्ट होगी। सीओ गोरखनाथ रवि सिंह के मुताबिक बच्ची का अंतिम संस्कार करा दिया गया है। पुलिस घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है।
Next Story





