Mungiakami में बड़ी कार्रवाई, असम राइफल्स और DRI ने एक लाख याबा टैबलेट बरामद किए

Mungiakami: त्रिपुरा के मुंगियाकामी में नशीले पदार्थों की तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए असम राइफल्स और राजस्व खुफिया निदेशालय (DRI) ने संयुक्त अभियान में भारी मात्रा में याबा टैबलेट बरामद किए हैं। विशिष्ट खुफिया जानकारी के आधार पर सुरक्षा बलों ने शुक्रवार को रजिस्ट्रेशन नंबर TR05G1855 वाली महिंद्रा पिकअप गाड़ी को रोका। जांच के दौरान वाहन से लगभग एक लाख याबा टैबलेट बरामद किए गए, जिनकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत करीब 8 करोड़ रुपये बताई गई है। इस कार्रवाई में एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया, जिसकी पहचान गोमती जिले के जतन बारी निवासी कौचर हुसैन (28) के रूप में हुई है।
बरामद नशीले पदार्थ और आरोपी को आगे की जांच और कानूनी कार्रवाई के लिए DRI को सौंप दिया गया है। अधिकारियों के अनुसार, यह अभियान क्षेत्र में नशीले पदार्थों की तस्करी पर लगाम लगाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण सफलता है।





