तेलंगाना

Telangana: सुरंग में फंसे लोगों की तलाश जारी, पुलिस के शव खोजी कुत्ते करेंगे मदद

Sarita
7 March 2025 8:47 AM IST
Telangana:  सुरंग में फंसे लोगों की तलाश जारी, पुलिस के शव खोजी कुत्ते करेंगे मदद
x
Telangana तेलंगाना: तेलंगाना में श्रीशैलम लेफ्ट बैंक कैनाल (एसएलबीसी) सुरंग का एक हिस्सा ढह जाने के कारण उसमें आठ लोग फंस गए हैं। इन सभी लोगों को बचाने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। इसमें कई टीमें लगी हुई हैं। इस अभियान में शामिल होने के लिए अब केरल पुलिस के विशेष रूप से प्रशिक्षित 'बॉडी सर्च डॉग्स' गुरुवार को नागरकुरनूल पहुंचे। ये कुत्ते हवाई मार्ग से पहुंचे और उनके 'हैंडलर' अधिकारियों के साथ सुरंग में घुसे। तेलंगाना सरकार की ओर से जारी एक आधिकारिक विज्ञप्ति में कहा गया है कि कुत्तों को इंसान की मौजूदगी का पता लगाने के लिए कैसे और कहां ले जाना है, इस बारे में एक योजना तैयार की जाएगी और शुक्रवार सुबह कुत्तों को सुरंग के अंदर ले जाया जाएगा।
विशेष प्रशिक्षण दिया जाता है
इन कुत्तों को लापता इंसानों, मानव शवों का पता लगाने के लिए विशेष रूप से प्रशिक्षित किया जाता है। केरल सरकार ने एक बयान में कहा कि 'बॉडी सर्च डॉग्स' और उनके प्रशिक्षक अधिकारी गुरुवार सुबह हैदराबाद के लिए रवाना हुए। बयान में कहा गया है कि राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के अनुरोध के बाद कुत्तों को बचाव अभियान के लिए भेजा गया था। राष्ट्रीय आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (एनडीएमए) ने इस संबंध में राज्य आपदा प्राधिकरण से मदद मांगी थी। विज्ञप्ति के अनुसार सुरंग के अंदर 13.650 किलोमीटर की दूरी पर हुए इस हादसे में पत्थर और मलबा गिरने से 150 मीटर लंबी ‘टनल बोरिंग मशीन’ (टीबीएम) पूरी तरह नष्ट हो गई है। उस स्थान पर मिट्टी, पानी और पत्थर जमा हो गए हैं। इसमें कहा गया है कि सुरंग के अंदर आठ लोगों के फंसे होने की आशंका है। विशाल टीबीएम को काटकर फंसे लोगों का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है। विज्ञप्ति में कहा गया है कि सुरंग में ‘कन्वेयर बेल्ट’ शुरू कर दिया गया है और बेल्ट के जरिए मिट्टी हटाने के बाद बचाव अभियान में तेजी आएगी। हादसे के बाद ‘कन्वेयर बेल्ट’ क्षतिग्रस्त हो गई थी। तेलंगाना की महत्वपूर्ण एसएलबीसी परियोजना की सुरंग में 22 फरवरी से इंजीनियर और मजदूरों समेत आठ लोग फंसे हुए हैं। उन्हें सुरक्षित निकालने के लिए एनडीआरएफ, सेना, नौसेना और अन्य एजेंसियों के विशेषज्ञ अथक प्रयास कर रहे हैं।
Next Story