
मदुरै: केरल के पूर्व मंत्री एम ए बेबी को रविवार को यहां 24वीं पार्टी कांग्रेस में माकपा महासचिव चुना गया। सूत्रों ने यह जानकारी दी। पार्टी नेताओं के एक वर्ग ने इस पद के लिए अखिल भारतीय किसान सभा (एआईकेएस) के अध्यक्ष अशोक धावले का समर्थन किया था। केरल के प्रक्कुलम में 1954 में पीएम अलेक्जेंडर और लिली अलेक्जेंडर के घर जन्मे बेबी का राजनीति से पहला परिचय तब हुआ जब वे अपने स्कूली दिनों के दौरान केरल छात्र संघ में शामिल हुए। यह भारतीय छात्र संघ का पूर्ववर्ती संगठन था। वे 1986 से 1998 तक राज्यसभा के सदस्य रहे। बेबी 2012 से माकपा की सर्वोच्च निर्णय लेने वाली संस्था पोलित ब्यूरो के सदस्य हैं। पिछले साल सीताराम येचुरी के निधन के बाद पार्टी महासचिव का पद खाली हो गया था, जिसके बाद प्रकाश करात ने अंतरिम समन्वयक का पद संभाला। माकपा की 24वीं पार्टी कांग्रेस 2 अप्रैल को शुरू हुई और रविवार को समाप्त होगी।





