
Telangana तेलंगाना : ऐतिहासिक चारमीनार के पास गुलजार हाउस में रविवार सुबह एक रिहायशी इमारत में लगी भीषण आग में कम से कम आठ लोगों की मौत हो गई और 15 से अधिक लोग घायल हो गए।
आग लगने की सूचना सुबह करीब 6 बजे मिली। अग्निशमन और आपातकालीन सेवा कर्मियों को आपातकालीन कॉल मिली, जिसके बाद 12 दमकल गाड़ियां घटनास्थल पर पहुंचीं। आग पर काबू पाने के प्रयास कई घंटों तक जारी रहे।
घायलों में कई बच्चे भी बताए जा रहे हैं। सभी को इलाज के लिए नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। घायलों में कुछ की हालत गंभीर है। मुख्यमंत्री ए. रेवंत रेड्डी ने घटना पर दुख जताया है। उन्होंने अधिकारियों को बचाव अभियान तेज करने का आदेश दिया है। उन्होंने आश्वासन दिया कि सरकार आग दुर्घटना से प्रभावित परिवारों को हर संभव सहायता प्रदान करेगी।
केंद्रीय कोयला मंत्री और हैदराबाद के सांसद जी. किशन रेड्डी ने घटनास्थल का दौरा किया और स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों से बातचीत की और आग लगने के कारणों और चल रहे बचाव प्रयासों के बारे में जानकारी ली।
घटनास्थल पर मौजूद एआईएमआईएम के एक विधायक ने मीडिया को बताया कि शुरुआती रिपोर्टों के अनुसार, करीब 20 लोगों को अस्पताल ले जाया गया है।
शुरुआती जांच से पता चलता है कि शॉर्ट सर्किट की वजह से आग लगी होगी। घटना के सही कारण का पता लगाने के लिए जांच चल रही है।





