तेलंगाना

टक्कर के बाद फटा डीजल टैंक, ड्राइवर समेत करीब 200 बकरियों की जिन्दा जलने से मौत

Gulabi Jagat
10 Sept 2026 9:11 AM IST
टक्कर के बाद फटा डीजल टैंक, ड्राइवर समेत करीब 200 बकरियों की जिन्दा जलने से  मौत
x

महबूबनगर। तेलंगाना के महबूबनगर जिले में गुरुवार तड़के दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। बकरियों को लेकर जा रहा एक DCM वाहन नेशनल हाईवे-44 पर बिजली के खंभे से टकरा गया। टक्कर के बाद वाहन के डीजल टैंक में आग लग गई और देखते ही देखते पूरा वाहन भीषण आग की चपेट में आ गया। हादसे में ड्राइवर की मौत हो गई, जबकि वाहन में मौजूद करीब 150 से 200 बकरियां भी जिंदा जल गईं।

फायर विभाग के एक अधिकारी के मुताबिक हादसा सुबह करीब 4 बजे भूथुर गांव के पास हुआ। वाहन में बड़ी संख्या में बकरियों को ले जाया जा रहा था। इसी दौरान वाहन अनियंत्रित होकर बिजली के खंभे से टकरा गया।

टक्कर के बाद फटा डीजल टैंक

हादसे के बाद वाहन का डीजल टैंक फट गया और आग तेजी से फैल गई। आग इतनी भीषण थी कि ड्राइवर को बाहर निकलने का मौका नहीं मिल सका और उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

वाहन में मौजूद बकरियां भी आग की चपेट में आ गईं। शुरुआती जानकारी के अनुसार वाहन में करीब 150 से 200 बकरियां थीं, जिनमें बड़ी संख्या में पशुओं की मौत हुई है।

दमकल कर्मियों ने बुझाई आग

हादसे की सूचना मिलने के बाद दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची और आग बुझाने का अभियान शुरू किया। काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया।

पुलिस भी घटनास्थल पर पहुंची और ड्राइवर के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। हादसे में हुए कुल नुकसान का आकलन किया जा रहा है।

हादसे की जांच शुरू

पुलिस घटना के कारणों की जांच कर रही है। शुरुआती जानकारी में वाहन के बिजली के खंभे से टकराने के बाद डीजल टैंक में आग लगने की बात सामने आई है। घटना से जुड़े अन्य तथ्यों की भी पड़ताल की जा रही है।

Next Story