बालाजी की गिरफ्तारी के बाद बुधवार को तमिलनाडु की द्रविड़ मुनेत्र कषगम (द्रमुक) सरकार पर निशाना साधा

भारतीय जनता पार्टी | भ्रष्टाचार के आरोप में बिजली मंत्री वी सेंथिल बालाजी की गिरफ्तारी के बाद बुधवार को तमिलनाडु की द्रविड़ मुनेत्र कषगम (द्रमुक) सरकार पर निशाना साधा और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की एक टिप्पणी का हवाला देते हुए विपक्षी दलों पर आरोप लगाया कि वे जिन राज्यों में सत्ता में हैं, वहां विभिन्न सरकारी नौकरियों के लिए ‘रेट कार्ड' निधारित हैं।
भाजपा प्रवक्ता सैयद जफर इस्लाम ने कहा कि प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) द्वारा बालाजी की गिरफ्तारी सबूतों पर आधारित है और यह अन्नाद्रमुक के पूर्व नेता से जुड़े मामले के बारे में उच्चतम न्यायालय की आलोचनात्मक टिप्पणी के बाद हुई है। द्रमुक में शामिल होने से पहले बालाजी अन्नाद्रमुक में थे। उन्होंने कहा कि विपक्ष के नेता के तौर पर एम के स्टालिन भी बालाजी की तीखी आलोचना करते थे लेकिन जब वह सत्ता में आए तो उन्होंने समझौता कर लिया और आरोपी बालाजी द्रमुक में शामिल हो गए। उन्होंने आरोप लगाया कि इसके बाद द्रमुक सरकार ने बालाजी के खिलाफ सभी आरोप वापस ले लिये थे।
इस्लाम ने जहां मुख्यमंत्री स्टालिन के नेतृत्व वाली सरकार पर निशाना साधा, वहीं भाजपा के वरिष्ठ नेता और पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव अरुण सिंह ने राजस्थान की कांग्रेस सरकार पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के नेतृत्व वाली सरकार देश में 'सबसे नकारा और अक्षम' है। संदिग्ध अधिकारियों के कार्यालयों में धन और सोने की छड़ें मिलने की घटनाओं सहित भ्रष्टाचार के अलावा महिलाओं और दलितों के खिलाफ कथित अत्याचार के मामलों का हवाला देते हुए सिंह ने आरोप लगाया कि कांग्रेस शासित प्रदेश में ‘जंगलराज' है और वह भ्रष्टाचार में लिप्त है।
राजस्थान के लिए भाजपा के प्रभारी सिंह ने कहा कि कांग्रेस नेता राहुल गांधी को माफी मांगनी चाहिए क्योंकि किसानों के लिए कर्ज माफी और युवाओं के लिए बेरोजगारी भत्ते के उनके वादे राज्य सरकार ने कभी पूरे नहीं किए। उन्होंने पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी की बहन और कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी पर भी निशाना साधते हुए कहा कि उन्होंने राजस्थान में अपराधों की शिकार महिलाओं से कभी मुलाकात नहीं की।