राजस्थान

चुनौतियों से टकराई तरुणियां, साहसिक बाधाओं को पार कर बहनों ने दिखाई तरुणी शक्ति

Gulabi Jagat
24 Aug 2026 8:10 PM IST
चुनौतियों से टकराई तरुणियां, साहसिक बाधाओं को पार कर बहनों ने दिखाई तरुणी शक्ति
x

भीलवाड़ा । कभी दलदल तो कभी आग की चुनौती, कहीं दुर्गम रास्ते तो कहीं कठिन परिस्थितियों का सामना, मांडल में तरुणी शक्ति का ऐसा प्रदर्शन देखने को मिला, जिसमें उत्साह के साथ साहस और आत्मविश्वास भी नजर आया। धोवनी रोड स्थित सोनी वाटिका में राष्ट्र सेविका समिति, भीलवाड़ा ग्रामीण जिले की ओर से आयोजित प्रचंड तरुणी शक्ति प्रदर्शन में 200 से अधिक बहनों ने विभिन्न साहसिक गतिविधियों में भाग लेकर अपनी क्षमता का परिचय दिया। कार्यक्रम की शुरुआत बहनों के पंजीयन से हुई। अल्पाहार के बाद सभी प्रतिभागियों को दो दलों में बांटा गया। एक दल का नाम ‘झांसी की रानी दल’ तथा दूसरे का नाम ‘वीर रानी अब्बक्का दल’ रखा गया। दोनों दलों ने उत्साह और उमंग के साथ निर्धारित गतिविधियों में हिस्सा लिया। साहसिक गतिविधियों में पानी का दरिया, दलदल मार्ग, आग का दरिया, सियाचिन घाटी, गरुड़ मार्ग, बारूदी सुरंग, चंबल के बीहड़, टावर की गुफा और मचान जैसी विभिन्न बाधाएं शामिल रहीं। प्रतिभागियों ने इन चुनौतियों को पार करते हुए धैर्य, निर्णय क्षमता, टीम भावना और विपरीत परिस्थितियों में आगे बढ़ने का संदेश दिया। विभिन्न बाधाओं को पार करने के बाद दोनों दल खेल मैदान में पहुंचे। यहां देशभक्ति गीतों की प्रस्तुतियों ने पूरे वातावरण को राष्ट्रभाव से भर दिया। कार्यक्रम में बहनों के उत्साह, अनुशासन और सामूहिक सहभागिता ने नारी शक्ति का प्रभावी संदेश दिया।




Next Story