राजस्थान

महेश नवमी शोभायात्रा की उत्कृष्ट झांकियों के विजेताओं को किया सम्मानित

Gulabi Jagat
2 Aug 2026 9:13 PM IST
महेश नवमी शोभायात्रा की उत्कृष्ट झांकियों के विजेताओं को किया सम्मानित
x

Bhilwara, भीलवाडा़ । संस्कृति, सृजनशीलता और सामाजिक संदेश से सजी महेश नवमी शोभायात्रा की श्रेष्ठ झांकियों को सम्मान का मंच मिला। मौका था नगर माहेश्वरी महिला संस्थान के गौरी-शंकर कार्निवल का, जहां महेश नवमी महोत्सव की शोभायात्रा में उत्कृष्ट एवं मनमोहक सजीव झांकियों का प्रदर्शन करने वाले विजेता क्षेत्रीय महिला संगठनों को सम्मानित किया गया। रामेश्वरम भवन में आयोजित गौरी-शंकर कार्निवल के दौरान विजेता महिला संगठनों को पारितोषिक एवं प्रशस्ति पत्र प्रदान कर उनके रचनात्मक योगदान एवं सांस्कृतिक प्रतिभा का सम्मान किया गया। शोभायात्रा समिति के मुख्य संयोजक सुभाष बाहेती ने बताया की जून माह में आयोजित महेश नवमी महोत्सव की शोभायात्रा में विभिन्न क्षेत्रीय महिला संगठनों ने आकर्षक, भव्य एवं सांस्कृतिक संदेशों से ओत-प्रोत सजीव झांकियों का प्रदर्शन किया था।




इन झांकियों का मूल्यांकन कर श्रेष्ठ प्रतिभागियों को पुरस्कृत करने का निर्णय श्रीनगर माहेश्वरी सभा, भीलवाड़ा द्वारा लिया गया था। आयोजन समिति द्वारा गठित निर्णायक मंडल ने झांकियों का मूल्यांकन उनकी विषय-वस्तु, कलात्मक प्रस्तुति, साज-सज्जा, सांस्कृतिक संदेश, अनुशासन एवं आकर्षण के आधार पर किया। निर्णायकों के निर्णय के अनुसार चंद्रशेखर आजाद नगर महिला संगठन की झांकी को प्रथम स्थान, तिलक नगर माहेश्वरी महिला संगठन को द्वितीय स्थान तथा शास्त्री नगर महिला संगठन एवं गांधीनगर-बसंत विहार क्षेत्रीय महिला संगठन को संयुक्त रूप से तृतीय स्थान प्रदान किया गया। रामेश्वरम भवन में आयोजित सम्मान समारोह में शोभायात्रा समिति के मुख्य संयोजक सुभाष बाहेती, सहसंयोजक लोकेश आगाल एवं शुभम कालिया ने विजेता संगठनों को पारितोषिक एवं प्रशस्ति पत्र प्रदान किए। इस अवसर पर ममता मोदानी, सीमा कोगटा, भारती बाहेती, निशा काकानी, नगर माहेश्वरी महिला मंडल की अध्यक्षा वीना मोदी, सचिव विनीता तोषनीवाल, समस्त कार्यकारिणी सदस्य तथा विभिन्न क्षेत्रीय महिला संगठनों की अध्यक्षा एवं मंत्री उपस्थित रहे। कार्यक्रम में विजेता संगठनों की रचनात्मकता, सांस्कृतिक प्रस्तुति एवं समाज में सकारात्मक संदेश देने के प्रयासों की सराहना करते हुए उन्हें भविष्य में भी ऐसे आयोजनों में बढ़-चढ़कर भाग लेने के लिए प्रेरित किया गया।

Next Story