राजस्थान

Udaipur: मामूली विवाद में खूनी वारदात, तलवार से गर्दन काटकर पड़ोसी की हत्या

Admindelhi1
23 July 2026 2:47 PM IST
Udaipur: मामूली विवाद में खूनी वारदात, तलवार से गर्दन काटकर पड़ोसी की हत्या
x
पड़ोसी विवाद ने लिया खौफनाक मोड़, तलवार से हत्या

उदयपुर: जिले के गोगुंदा थाना क्षेत्र में बुधवार रात एक मामूली विवाद ने खूनी रूप ले लिया। घर के बाहर शौच करने को लेकर हुए झगड़े में एक व्यक्ति ने अपने पड़ोसी पर तलवार से हमला कर उसकी हत्या कर दी। हमले की भयावहता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि एक ही वार में मृतक की गर्दन धड़ से अलग हो गई। वारदात के बाद आरोपित मौके से फरार हो गया, जिसकी तलाश में पुलिस जुटी हुई है।

पुलिस के अनुसार घटना बुधवार रात खटीक मोहल्ला की है। मृतक की पहचान देवीलाल उर्फ राजा बाबू खटीक (55) के रूप में हुई है। बताया गया कि देवीलाल घर पर खाना खाने बैठने वाला था, तभी वह शौच के लिए बाहर गया। वह पड़ोसी ओमप्रकाश के मकान के पास शौच करने लगा, जिस पर ओमप्रकाश ने आपत्ति जताई। इसी बात को लेकर दोनों के बीच कहासुनी शुरू हो गई और देखते ही देखते विवाद बढ़ गया।

शोर सुनकर देवीलाल की मां लक्ष्मी बाई और भाई डालचंद भी मौके पर पहुंच गए तथा दोनों को समझाने का प्रयास किया। इसी दौरान आरोपित ओमप्रकाश अपने घर से तलवार लेकर आया और देवीलाल की गर्दन पर जोरदार वार कर दिया। हमला इतना घातक था कि देवीलाल की मौके पर ही मौत हो गई।

घटना की सूचना मिलते ही गोगुंदा थानाधिकारी प्रवीण सिंह राजपुरोहित पुलिस जाब्ते के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने शव को गोगुंदा अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया है। मृतक मजदूरी कर परिवार का पालन-पोषण करता था, जबकि आरोपित भी मजदूर बताया जा रहा है। पुलिस के अनुसार मृतक और आरोपित के मकान आमने-सामने स्थित हैं। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि शौच करने को लेकर हुए विवाद के बाद आरोपित ने आक्रोश में आकर वारदात को अंजाम दिया। घटनास्थल से तलवार बरामद नहीं हुई है और आरोपित फरार है। पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है।

घटना के बाद क्षेत्र में सनसनी फैल गई। बड़ी संख्या में लोग मौके पर एकत्र हो गए। पुलिस मामले की सभी पहलुओं से जांच कर रही है।

Next Story