जन्मोत्सव को सेवा पर्व बनाकर 105 रक्तवीरों ने दिया जीवनदान का संकल्प

Bhilwara, भीलवाड़ा । छोबावड़ी सगसजी धाम, हमीरगढ़ में महंत साध्वी देवगिरि महाराज के पावन जन्मोत्सव के अवसर पर मंगलवार को विशाल रक्तदान शिविर आयोजित किया गया। ब्रह्मलीन श्रीश्री 1008 गुरुदेव बाल बापू नागा महाराज के आशीर्वाद से आयोजित शिविर में श्रद्धालुओं, युवाओं और महिलाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए 105 यूनिट रक्तदान किया। विश्व कल्याण फाउंडेशन सेवा समिति एवं सहयोग सेवार्थ फाउंडेशन भीलवाड़ा के तत्वावधान में आयोजित शिविर में सुबह से ही रक्तदाताओं के पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया। युवाओं में रक्तदान को लेकर विशेष उत्साह रहा, वहीं महिलाओं ने भी बढ़-चढ़कर भागीदारी निभाते हुए सामाजिक सेवा का संदेश दिया। धार्मिक आयोजन को मानव सेवा से जोड़ने की इस पहल की क्षेत्रवासियों ने सराहना की। साध्वी देवगिरि महाराज ने कहा कि रक्तदान सर्वाेत्तम दान है, क्योंकि किसी जरूरतमंद को दिया गया रक्त उसके जीवन को बचाने में सहायक बन सकता है। जन्मोत्सव को केवल उत्सव तक सीमित न रखकर मानव सेवा से जोड़ने के उद्देश्य से शिविर आयोजित किया गया।
उन्होंने स्वस्थ नागरिकों से नियमित रक्तदान करने तथा अन्य लोगों को भी इसके लिए प्रेरित करने की अपील की। उन्होंने कहा कि एक रक्तदाता का छोटा सा प्रयास किसी जरूरतमंद परिवार के लिए बड़ी उम्मीद बन सकता है। शिविर का उद्देश्य रक्त की कमी को दूर करना, जरूरतमंद रोगियों की सहायता करना तथा युवाओं को सामाजिक एवं मानवीय कार्यों से जोड़ना रहा। शिविर में रक्तदान करने वाले सभी रक्तदाताओं को समिति की ओर से प्रमाण-पत्र एवं प्रशस्ति-पत्र देकर सम्मानित किया गया। इस दौरान हर्ष प्रदीप सिंह राणावत, गोविंद सोनी, गोपाल पारीक, प्रकाश जोशी, बालकृष्ण मूंदड़ा, राजकुमार आचार्य, राजकुमार सोनी, रतन सिंह मोमी, कालू गुजर, महेंद्र सिंह, देवराज तेली मोहन दिया, कैलाश आसरवा, राजकुमार डगवाल एवं सुखदेव झरवाल सहित अन्य लोगों ने रक्तवीरों का उत्साहवर्धन किया। कोटड़ी श्याम ब्लड सेंटर की चिकित्सा टीम की देखरेख में रक्त संग्रह किया गया। सहयोग सेवार्थ फाउंडेशन के सचिव गोपाल विजयवर्गीय ने रक्तदान करने वाले सभी रक्तवीरों एवं सहयोगकर्ताओं का आभार जताते हुए भविष्य में भी ऐसे सेवा कार्यों को जारी रखने का आह्वान किया।





