राजस्थान

सवाई माधोपुर में टाइगर का हमला, किसान घायल

shiddhant
17 Aug 2025 11:54 PM IST
सवाई माधोपुर में टाइगर का हमला, किसान घायल
x

Sawai Madhopur सवाई माधोपुर। जिले के खंडार क्षेत्र में रणथंभौर टाइगर रिजर्व की बालेर रेंज से एक टाइगर खेतों तक आ गया और फसल देखने गए किसान पर हमला कर दिया। जानकारी के अनुसार, गांव के किसान रामफूल गुर्जर अपनी फसल देखने के लिए खेत गए थे। तभी संभावित टाइगर शावक ने उन पर अचानक हमला कर दिया। किसान के जोर-जोर से चिल्लाने पर आसपास मौजूद अन्य किसान दौड़कर मदद के लिए आए और शोर मचाया। ग्रामीणों के हल्ला करने पर टाइगर खेतों से भागकर जंगल की ओर चला गया। गंभीर रूप से घायल किसान को परिजन तुरंत खंडार उपजिला अस्पताल लेकर पहुंचे। वहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार किया और जिला अस्पताल रेफर कर दिया, जहां उनका उपचार जारी है।

घटना की सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और क्षेत्र की मॉनिटरिंग शुरू कर दी। वन विभाग के अधिकारियों ने बताया कि प्रारंभिक जांच में पैंथर के हमले की भी आशंका है। टीम फिलहाल हमले के सटीक कारण का पता लगाने में जुटी हुई है। रणथंभौर टाइगर रिजर्व के जंगलों से सटे गांवों में वन्यजीवों की मूवमेंट लगातार बढ़ रही है। टाइगर और पैंथर अक्सर शिकार की तलाश में खेतों और ग्रामीण इलाकों के पास पहुंच जाते हैं। पिछले कुछ महीनों में कई बार टाइगर व पैंथर ग्रामीण इलाकों में देखे गए हैं, जिससे स्थानीय लोगों में भय का माहौल बना हुआ है। वन विभाग ने ग्रामीणों से सतर्क रहने और अकेले खेतों में जाने से बचने की सलाह दी है। किसानों और वन विभाग के लिए यह चुनौती बनी हुई है कि कैसे वन्यजीवों और मानव निवास के बीच संतुलन बनाए रखा जाए। स्थानीय अधिकारियों ने कहा कि भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए निगरानी बढ़ाई जाएगी और ग्रामीणों को सुरक्षा संबंधी दिशा-निर्देश दिए जाएंगे।

Next Story