राजस्थान

बिना निर्माण स्वीकृति के बन गया तीन मंजिला भवन, नोटिस जारी

Admin Delhi 1
19 Jan 2023 1:51 PM GMT
बिना निर्माण स्वीकृति के बन गया तीन मंजिला भवन, नोटिस जारी
x

रामगंजमंडी: जुल्मी रोड़ पर कब्रिस्तान के पास पालिका की बिना निर्माण स्वीकृति लिए ही तीन मंजिल भवन का निर्माण कार्य कर लिया गया। साथ ही यहां पर भवन निर्माण का कार्य भी जारी था। पालिका ने अवैध निर्माण कार्य बंद करके भवन मालिक को नोटिस भेजा है। जानकारी के अनुसार पालिका की ओर से शिवलाल प्रजापति निवासी मोड़क हाल मुकाम हाउसिंग बोर्ड के नाम नोटिस भेजा गया है। जिसमें बिना स्वीकृति के अवैध निर्माण करने के लिए चेतावनी दी गई है। जुल्मी रोड़ पर कब्रिस्तान के पास शिवलाल प्रजापति निजी अस्पताल चलाता है। नगर पालिका क्षेत्र में इन दिनों बिना निर्माण स्वीकृति लिए ही लोग आलीशान मकान, दुकान बना रहे हैं। नगर पालिका की निर्माण स्वीकृति में मकान के कागज देखे जाते हैं। भूमि का प्रकार देखा जाता है। किसके नाम पर भूमि आवंटित हुई है, समाचार पत्रों में अनापत्ति विज्ञप्ति प्रकाशित हुई है या नहीं इन सब की जानकारी ली जाती है। साथ ही पालिका कोष में राशि भी जमा करनी होती है। वैध प्रक्रिया के बाद निर्माण स्वीकृति मिलती है। जबकि जालसाज लोग बिना वैध कागज के मकान बना लेते हैं और बाद में पालिका उन्हें तोड़ नहीं पाती है। व्यावसायिक निर्माण की स्वीकृति के लिए 250 रुपए प्रति वर्ग फिट की दर से राशि जमा की जाती है। इस हिसाब से उक्त तीन मंजिला भवन की निर्माण स्वीकृति में लाखों की राशि मकान मालिक को जमा करने के बाद ही निर्माण स्वीकृति मिलती। किन्तु पालिका से बिना निर्माण स्वीकृति लिए ही मुख्य रोड़ पर तीन मंजिला भवन बना लिया गया। तीसरी मंजिल पर छत डल गई है और मकान की फिनिशिंग कार्य जारी है। जागरूक लोगों की शिकायत पर नगर पालिका अधिकारियों ने अवैध निर्माण का कार्य बंद करवा कर भवन मालिक को मात्र नोटिस देकर खानापूर्ति की है।

नगर पालिका को लाखों के राजकोष की हानि:

पालिका के ढुलमुल रवैये के कारण बिना निर्माण स्वीकृति के बन रहे भवनों से नगर पालिका को राजकोष का नुकसान हो रहा है। जागरूक लोगों का कहना है कि नगर पालिका को सख्त कार्यवाही करना चाहिए। बिना निर्माण स्वीकृति के बनने वाले भवनों को ध्वस्त किया जाना चाहिए। चार गुना राशि की पेनल्टी वसूली जानी चाहिए। तभी नगर पालिका के राजकोष से निर्माण स्वीकृति से करोड़ों की आय हो सकती है।

जुल्मी रोड़ पर बन रहे तीन मंजिला भवन की नगर पालिका से निर्माण स्वीकृति नहीं ली गई थी। भवन मालिक को नोटिस जारी करके निर्माण कार्य बंद करवाया है।

-सत्यनारायण राठौर, ईओ नगर पालिका

Next Story