संगठन की मजबूती ही समाज की सबसे बड़ी पूंजी है: प्रदेशाध्यक्ष Devilal Sahu
Bhilwara, भीलवाड़ा । संगठन की मजबूती ही समाज की सबसे बड़ी पूंजी है। संगठित समाज ही अपने अधिकारों की रक्षा करने के साथ-साथ राष्ट्र निर्माण में प्रभावी भूमिका निभा सकता है। यह बात राजस्थान प्रांतीय तैलीक साहू महासभा के प्रदेशाध्यक्ष देवीलाल साहू ने हरिशेवाधाम में आयोजित प्रदेश कार्यकारिणी बैठक को सम्बोधित करते हुए कही। उन्होंने प्रदेशभर में चल रहे संगठन विस्तार अभियान की जानकारी देते हुए कहा कि प्रत्येक जिले और तहसील स्तर तक महासभा को मजबूत बनाया जा रहा है। उन्होंने समाज के लोगों से सामाजिक कुरीतियों को त्यागकर शिक्षा, रोजगार और आत्मनिर्भरता की दिशा में आगे बढ़ने का आह्वान किया। इससे पुर्व राजस्थान प्रांतीय तैलीक साहू महासभा की प्रदेश कार्यकारिणी बैठक हरिशेवाधाम में आयोजित हुई। प्रदेशभर से आए 500 से अधिक पदाधिकारियों एवं समाजजनों की मौजूदगी में आगामी दो दिवसीय राष्ट्रीय कार्यकारिणी बैठक एवं जनचेतना महासम्मेलन की तैयारियों पर विस्तृत चर्चा की गई। कार्यक्रम का शुभारंभ महामंडलेश्वर स्वामी हंसराम महाराज ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया।
उन्होंने समाज की एकता, संस्कार और शिक्षा को विकास का आधार बताते हुए संगठन को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने का आह्वान किया। राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष टी.सी. चौधरी, महामंत्री आत्माराम लाईवाल, मेघराज साहू एवं संगठन महामंत्री गोपाललाल साहू ने संगठन विस्तार, शिक्षा, महिला सशक्तीकरण, युवा नेतृत्व, स्वरोजगार और सामाजिक समरसता पर बल दिया। प्रदेश महिला अध्यक्ष अनुपमा मोदी ने महिलाओं की भागीदारी बढ़ाने की आवश्यकता बताई। राष्ट्रीय युवक कार्यकारी अध्यक्ष देवराज तेली ने युवाओं को संबोधित करते हुए कहा कि आज का युवा समाज की सबसे बड़ी शक्ति है। उन्होंने युवाओं से शिक्षा, तकनीकी ज्ञान, उद्यमिता और सामाजिक नेतृत्व में आगे आने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि युवाओं की ऊर्जा को सकारात्मक दिशा देकर समाज को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया जा सकता है। कार्यक्रम संयोजक प्रहलाद राय दिया ने राष्ट्रीय कार्यकारिणी बैठक एवं जनचेतना महासम्मेलन की तैयारियों की जानकारी देते हुए बताया कि भीलवाड़ा में आयोजित होने वाला यह आयोजन ऐतिहासिक होगा। इसमें देशभर से समाज के प्रमुख पदाधिकारी, संत-महात्मा, जनप्रतिनिधि एवं समाज के गणमान्यजन भाग लेंगे। उन्होंने सभी पदाधिकारियों से आयोजन को सफल बनाने के लिए सामूहिक सहयोग का आग्रह किया। बैठक के दौरान विभिन्न प्रस्तावों पर चर्चा की गई तथा समाज में शिक्षा के प्रसार, छात्रावासों के विकास, प्रतिभा सम्मान, महिला सशक्तीकरण, युवाओं के कौशल विकास और संगठन विस्तार को लेकर कई महत्वपूर्ण सुझाव सामने आए। कार्यक्रम का संचालन एडवोकेट कुशल साहू ने किया। बैठक में प्रदेश के विभिन्न जिलों से आए पदाधिकारी, समाजसेवी एवं बड़ी संख्या में समाजजन उपस्थित रहे।





