राजस्थान

संविधान उद्यान में संविधान से जुड़े आदर्शों का होगा अनुभव: राज्यपाल कलराज मिश्र

Admin Delhi 1
4 Jan 2023 11:50 AM GMT
संविधान उद्यान में संविधान से जुड़े आदर्शों का होगा अनुभव: राज्यपाल कलराज मिश्र
x

जयपुर न्यूज़: राज्यपाल कलराज मिश्र ने कहा है कि संविधान उद्यान में भारतीय संविधान और इससे जुड़े उच्च आदर्शों और हमारी प्राचीन संस्कृति को मूर्ति शिल्प, चित्र, संस्थापन और अन्य माध्यमों के जरिए साकार किया गया है, ताकि संविधान से जुड़े आदर्शों की व्याख्या यहां आने वाले लोग साक्षात अनुभव कर सकें। उन्होंने संविधान से जुड़ी संस्कृति का अधिकाधिक प्रसार किए जाने का भी आह्वान किया। राज्यपाल मंगलवार को राजभवन में मीडियाकर्मियों द्वारा संविधान उद्यान के भ्रमण के बाद उनसे बातचीत कर रहे थे। राज्यपाल मिश्र ने कहा कि कोई भी लोकतंत्र तभी जीवंत कहलाता है जब उसके नागरिक, शासन में सक्रिय भाग लेने और देश के सर्वोत्तम हित के लिए जिम्मेदारियां संभालने के लिए तत्पर रहते हैं। लोकतंत्र में शासन कैसा चल रहा है और कैसा चलना चाहिए, इस पर हर जिम्मेदार नागरिक की निगाह होनी चाहिए। संविधान के प्रति जागरुकता से ही इसे संभव बनाया जा सकता है। भारतीय संविधान विश्वभर के लोकतंत्रों की सर्वश्रेष्ठ व्याख्या है। यह नागरिकों में बंधुता, स्वाभिमान और राष्ट्र की एकता के साथ-साथ देश के आर्थिक और सामाजिक परिवर्तन का भी एक तरह से घोषणा पत्र है।

उन्होंने कहा कि यह हम सभी के लिए गर्व की बात है कि राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू द्वारा संविधान उद्यान के लोकार्पण के बाद राजस्थान देश का पहला ऐसा राज्य बन गया है, जहां राजभवन में इस तरह का संविधान उद्यान बनाया गया है। केंद्र सरकार की स्मार्ट सिटी परियोजना के तहत जयपुर विकास प्राधिकरण द्वारा इसे तैयार किया गया है। गत वर्ष 26 जनवरी को संविधान उद्यान का यहां राजभवन में शिलान्यास हुआ था और एक साल से भी कम अवधि में यह बनकर तैयार हो गया है।

Next Story