राजस्थान

Sawai Madhopur समर कैंप का मुख्य जिला शिक्षा अधिकारी ने किया निरीक्षण

Tara Tandi
27 May 2025 5:38 PM IST
Sawai Madhopur समर कैंप का मुख्य जिला शिक्षा अधिकारी ने किया निरीक्षण
x
Sawai Madhopur सवाई माधोपुर: जिला प्रशासन एवं शिक्षा विभाग सवाई माधोपुर की संयुक्त पहल “मिशन बोल सवाई माधोपुर” इंग्लिश स्पीकिंग समर कैंप का अवलोकन मंगलवार को मुख्य जिला शिक्षा अधिकारी कृष्णा शर्मा एवं एडीपीसी समग्र शिक्षा दिनेश कुमार गुप्ता द्वारा किया गया।
राजकीय बालिका उच्च माध्यमिक विद्यालय, मान टाउन, बाल मंदिर कॉलोनी में संचालित इस समर कैंप में कक्षा 6 से 12 तक के विद्यार्थियों के लिए अंग्रेजी भाषा में संवाद कौशल विकसित करने हेतु विशेष कक्षाएं आयोजित की जा रही हैं।
अवलोकन के दौरान अधिकारियों ने कक्षा में चल रही शिक्षण गतिविधियों का निरीक्षण किया, विद्यार्थियों से संवाद किया तथा उनके अनुभव जाने। उन्होंने प्रशिक्षकों से पाठ्यक्रम की रूपरेखा, शिक्षण विधियों एवं विद्यार्थियों की सहभागिता के बारे में विस्तार से जानकारी प्राप्त की।
मुख्य जिला शिक्षा अधिकारी ने विद्यार्थियों को प्रोत्साहित करते हुए कहा कि अंग्रेजी भाषा आज के युग में वैश्विक संवाद का सशक्त माध्यम है। यदि विद्यार्थी विद्यालयी शिक्षा के साथ-साथ अंग्रेजी बोलने में दक्षता हासिल करें, तो वे भविष्य में किसी भी क्षेत्र में आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ सकते हैं। उन्होंने इस पहल के लिए जिला प्रशासन व शिक्षा विभाग की सराहना करते हुए इसे विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास की दिशा में एक सकारात्मक प्रयास बताया।
एडीपीसी समग्र शिक्षा ने बताया कि “बोल सवाई माधोपुर” समर कैंप में अब तक सैकड़ों विद्यार्थियों ने पंजीकरण किया है और प्रतिदिन नियमित रूप से उपस्थिति दर्ज कर प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे हैं। उन्होंने सभी विद्यार्थियों से शिविर का अधिकतम लाभ उठाने तथा इसे अपनी भाषा दक्षता को निखारने का माध्यम बनाने की अपील की।
इस दौरान कार्यक्रम अधिकारी समग्र शिक्षा एवं बोल सवाई माधोपुर के सह नोडल प्रभारी हेमराज मीणा, प्रशिक्षक नीलम धनवानी, सीमा नसीब, मुफीद मोहम्मद, एवं विद्यालय स्टाफ, समर कैंप समन्वयक एवं अन्य शिक्षकगण भी उपस्थित रहे। कार्यक्रम की व्यवस्थाओं, शिक्षण सामग्री तथा विद्यार्थियों की सक्रियता को देखकर अधिकारीगण संतुष्ट नजर आए।
Next Story