राजस्थान

Sikar: परीक्षा केंद्रों की व्यवस्थाओं पर आलोक राज ने की बैठक

Tara Tandi
8 Sept 2025 4:25 PM IST
Sikar: परीक्षा केंद्रों की व्यवस्थाओं पर आलोक राज ने की बैठक
x
Sikar सीकर। राजस्थान कर्मचारी चयन बोर्ड के अध्यक्ष आलोक राज ने सोमवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जिले के परीक्षा केंद्रों पर आयोजित होने वाली परीक्षाओं की तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने पेपर लीक, डमी अभ्यर्थियों और इलेक्ट्रॉनिक माध्यमों से होने वाली चीटिंग को रोकने के लिए कड़े निर्देश जारी किए, ताकि परीक्षाएं निष्पक्ष और पारदर्शी तरीके से संपन्न हो सकें।
आलोक राज ने कहा कि सभी परीक्षा केंद्रों पर अभ्यर्थियों का बायोमेट्रिक और मेटल डिटेक्टर स्कैन अनिवार्य रूप से किया जाए। साथ ही, सीसीटीवी की उपलब्धता सुनिश्चित करने और प्रत्येक अभ्यर्थी से हस्तलिखित नमूना लेने के निर्देश दिए, ताकि डमी अभ्यर्थियों की पहचान आसानी से हो सके। उन्होंने स्पष्ट किया कि यदि किसी परीक्षा केंद्र पर पेपर लीक या डमी अभ्यर्थी से संबंधित कोई संदिग्ध गतिविधि सामने आए, तो तत्काल बोर्ड को सूचित किया जाए।
पेपर बॉक्स की जांच और सील की सत्यता सुनिश्चित करने के साथ-साथ पेपर डिलीवरी के दौरान वीडियोग्राफी को अनिवार्य बताया गया। उन्होंने यह भी निर्देश दिए कि अभ्यर्थियों के पास ब्लूटूथ, मोबाइल या कोई अन्य इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस न हो, इसके लिए कड़ी जांच की जाए। परीक्षा केंद्रों पर कार्यरत कार्मिकों को नियमानुसार प्रशिक्षण देने और बिजली, पंखे जैसी मूलभूत सुविधाओं को एक दिन पहले सुनिश्चित करने पर जोर दिया। चीटिंग रोकने के लिए परीक्षा केंद्रों पर इंटरनेट सुविधा निषेध करने के भी निर्देश दिए गए।
बैठक में अतिरिक्त जिला कलेक्टर रतन कुमार ने जिले के सभी परीक्षा केंद्रों पर की गई तैयारियों की जानकारी दी और बताया कि सीकर में निष्पक्ष और पारदर्शी परीक्षा आयोजन के लिए सभी आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं।
इस अवसर पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक गजेंद्र सिंह जोधा, जिला शिक्षा अधिकारी सुरेंद्र सिंह शेखावत, एडीपीसी समसा राकेश कुमार लाटा सहित संबंधित विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।
Next Story