नौगावां ट्रस्ट की बैठक में व्यवस्थाओं को लेकर कई महत्वपूर्ण निर्णय

Bhilwara भीलवाड़ा । नौगावां सांवरिया सेठ मंदिर में श्रद्धालुओं की बढ़ती संख्या और आगामी त्योहारों को देखते हुए मंदिर ट्रस्ट की बैठक हुई। अध्यक्ष गोविंद प्रसाद सोडाणी ने बताया कि बैठक में मंदिर की व्यवस्थाओं को अधिक पारदर्शी, सुगम और सनातन परंपराओं के अनुरूप बनाने के लिए कई बड़े निर्णय लिए गए हैं। मंदिर की व्यवस्थाओं में पारदर्शिता बढ़ाने के उद्देश्य से तय किया है कि अब मंदिर का दानपात्र हर 15 दिन में खोला जाएगा। खास बात यह है कि दानराशि की गिनती पूरी तरह से सीसीटीवी कैमरों की निगरानी में होगी और इसकी बाकायदा वीडियो रिकॉर्डिंग भी कराई जाएगी। इस पूरी व्यवस्था को पारदर्शी बनाए रखने की जिम्मेदारी चंद्र प्रकाश आगाल, घनश्याम डाड और केदार बाहेती को सौंपी गई है। मंदिर परिसर में होने वाले विशेष अनुष्ठानों और पूजा-अर्चना में बैठने वाले श्रद्धालुओं के लिए पारंपरिक धोती पहनना अनिवार्य कर दिया गया है। इसके साथ ही, अमावस्या और पूर्णिमा के विशेष अवसरों पर अभिषेक करने वाले यजमानों की बढ़ती संख्या को देखते हुए भंवरलाल दरगड के सुझाव पर हवन कुंडों की संख्या बढ़ाने का निर्णय लिया गया है, ताकि सभी श्रद्धालु सुलभ तरीके से आहुति दे सकें। इन सभी धार्मिक अनुष्ठानों और पूजा पद्धतियों को पंडित रमाकांत आचार्य, पंडित प्रेम शंकर शर्मा, पंडित प्रकाश शर्मा और दीपक पाराशर की देखरेख में संपन्न कराया जाएगा।
बैठक में आगामी 4 सितंबर को आने वाले जन्माष्टमी पर्व की तैयारियों पर भी विस्तृत चर्चा हुई। ट्रस्ट का प्रयास रहेगा कि इस बार जन्माष्टमी पर भगवान कृष्ण के अत्यंत भव्य और अलौकिक स्वरूप के दर्शन भक्तों को कराए जाएं। वहीं रविवार, अमावस्या, पूर्णिमा और अन्य अवकाश के दिनों में उमड़ने वाली भारी भीड़ को नियंत्रित करने के लिए दिनेश खोईवाल और बबलू सेन को दर्शन व्यवस्था का जिम्मा दिया गया है। भीड़ के दबाव को देखते हुए महिलाओं और पुरुषों के लिए एक दिन पहले से ही अलग-अलग बैरिकेडिंग की व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी। इसके अलावा, मंदिर के चल रहे जीर्णाेद्धार कार्यों को समय पर और सुचारू रूप से पूरा करने के लिए सुनील नवाल को जिम्मेदारी दी गई है। सांवरिया सेठ के दरबार में आने वाले भक्तों की सुविधाओं का विस्तार करते हुए ट्रस्ट ने बताया कि दूर-दराज से आने वाले श्रद्धालुओं के बैठने के लिए नवनिर्मित सत्संग भवन का शीघ्र ही शुभारंभ किया जाएगा। इसके साथ ही गौशाला परिसर में आने वाले भक्तों के लिए एक विशेष व्यवस्था शुरू की जा रही है, जिसके तहत उन्हें पूजा के लिए पूरी तरह से सुव्यवस्थित थाल उपलब्ध कराई जाएगी और पंडित द्वारा विधिवत पूजा संपन्न कराई जाएगी। बैठक में यह भी सराहा गया कि वर्ष 2016 से मंदिर में अनवरत जल रही अखंड ज्योति के लिए मनीष बहेडिया द्वारा प्रति माह स्वेच्छा से गाय का शुद्ध घी उपलब्ध कराया जा रहा है, जो उनकी अटूट आस्था को दर्शाता है। बैठक में संरक्षक डीपी अग्रवाल, सचिव कैलाश डाड, मनीष बहेडिया, भंवरलाल दरगड, गिरिराज काबरा, सुनील नवाल सहित अनेक सदस्य मौजूद थे। बैठक का संचालन श्रवण सेन ने किया।





