Kota में सनसनी: पत्नी ने दो साथियों संग सैन्यकर्मी पति की हत्या, हिरासत में आरोपी पत्नी

Kota: कोटा के आमली इलाके में एक सनसनीखेज घटना सामने आई है, जहां एक पत्नी ने अपने दो साथियों के साथ मिलकर अपने सैन्यकर्मी पति की हत्या कर दी। घटना के बाद आरोपियों ने मामले को सामान्य मौत बताने की कोशिश की, लेकिन अंतिम संस्कार की तैयारियों के दौरान मृतक के पिता को शक होने पर पूरा मामला सामने आया।
मृतक की पहचान मनोज शर्मा (45) के रूप में हुई है, जो सेना से सेवानिवृत्त थे। पुलिस के अनुसार उनकी पत्नी दीपिका और दो अन्य लोगों ने मिलकर गला घोंटकर उनकी हत्या की। घटना के समय दंपति के दो बच्चे घर में मौजूद थे, जिनकी उम्र 10 से 12 वर्ष के बीच बताई गई है।
घटना के बाद शव को अंतिम संस्कार के लिए तैयार किया जा रहा था, लेकिन मनोज के पिता बृजमोहन और अन्य परिजनों को स्थिति संदिग्ध लगी, जिसके बाद उन्होंने पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए अंतिम संस्कार रुकवा दिया और शव को अपने कब्जे में लेकर जांच शुरू की।
आरकेपुरम थाना पुलिस और प्रशिक्षु आईपीएस सिद्धार्थ श्रीवास्तव ने बताया कि प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि मनोज और उनकी पत्नी के बीच अक्सर विवाद होते थे। बुधवार रात भी दोनों के बीच झगड़ा हुआ था, जिसके बाद दो लोग घर पहुंचे। पुलिस का कहना है कि दोनों आरोपी मृतक को भी जानते थे, हालांकि उनके संबंधों की जांच जारी है।
पड़ोसियों ने भी रात में घर से झगड़े की आवाजें सुनने की पुष्टि की है। पुलिस के अनुसार घटना गुरुवार रात लगभग 12 बजे से 3 बजे के बीच हुई, लेकिन इसकी जानकारी पुलिस को अगले दिन दोपहर में मिली।
फिलहाल पुलिस ने दीपिका को हिरासत में ले लिया है, जबकि दोनों फरार आरोपियों की तलाश जारी है। फॉरेंसिक टीम ने मौके से साक्ष्य जुटाए हैं। डीएसपी मनीष शर्मा ने बताया कि हत्या के पीछे का कारण अभी स्पष्ट नहीं है और जांच जारी है। शव का पोस्टमार्टम शनिवार को कराया जाएगा।





