राजस्थान

संत निरंकारी मिशन ने रोपे 150 से अधिक फलदार व छायादार पौधे, पर्यावरण संरक्षण का लिया संकल्प

Gulabi Jagat
23 Aug 2026 10:25 PM IST
संत निरंकारी मिशन ने रोपे 150 से अधिक फलदार व छायादार पौधे, पर्यावरण संरक्षण का लिया संकल्प
x

भीलवाड़ा । सद्गुरु माता सुदीक्षा महाराज की अपार कृपा से रविवार को आरजिया चौराहा स्थित संत निरंकारी भवन परिसर में संत निरंकारी चौरिटेबल फाउंडेशन द्वारा विभिन्न प्रजातियों के 150 से अधिक पौधों का वृक्षारोपण किया गया। पौधारोपण अभियान का शुभारंभ समाजसेवी कैलाश कोठारी ने किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि संत निरंकारी मिशन सभी समाजों को एक मंच पर लाकर निस्वार्थ भाव से जो सेवा कार्य कर रहा है, वह पूरे देश के लिए प्रेरणादायक है। आज अधिकांश लोग किसी भी कार्य के साथ अपना नाम और पहचान जोड़ना चाहते हैं, वहीं निरंकारी मिशन बिना किसी स्वार्थ एवं दिखावे के मानव सेवा, पर्यावरण संरक्षण और समाज कल्याण के कार्यों में निरंतर जुटा हुआ है। मिशन की यह सेवा भावना वास्तव में अनुकरणीय एवं प्रशंसनीय है। उन्होंने कहा कि पौधारोपण केवल पेड़ लगाने का कार्य नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ, स्वस्थ और सुरक्षित पर्यावरण देने का संकल्प है। सभी लोगों को ऐसे सेवा कार्यों में बढ़-चढ़कर भाग लेना चाहिए। स्थानीय मुखी इंचार्ज संत ग्यारसी लाल ने बताया कि बाबा हरदेव सिंह का दिव्य संदेश“प्रदूषण अंदर हो या बाहर, दोनों ही हानिकारक हैं” केवल पर्यावरण संरक्षण का आह्वान नहीं, बल्कि मानवीय चेतना को निर्मल बनाने और प्रकृति के प्रति उत्तरदायित्व का प्रेरणास्त्रोत है।

इसी प्रेरणा को साकार करते हुए संत निरंकारी मिशन पर्यावरण संरक्षण की पहल ‘वननेस वन प्रकृति के साथ समरसता’ के माध्यम से हरित, संतुलित एवं सतत भविष्य के निर्माण के लिए निरंतर समर्पित भाव से कार्य कर रहा है। सतगुरु माता सुदीक्षा महाराज एवं निरंकारी राजपिता रमित के पावन आशीर्वाद से अगस्त 2021 में प्रारंभ हुई यह अनूठी पहल आज देशव्यापी जन-अभियान का रूप ले चुकी है। इसका उद्देश्य केवल वृक्षारोपण करना नहीं, बल्कि प्रकृति के साथ आत्मीय संबंध को पुनर्जीवित करना, पर्यावरण संरक्षण को जीवन-मूल्य के रूप में स्थापित करना तथा आने वाली पीढ़ियों के लिए हरित, स्वच्छ एवं संतुलित पृथ्वी का निर्माण करना है। संत निरंकारी मंडल के सचिव जोगिंदर सुखीजा ने बताया कि भीलवाड़ा सहित भारत के विभिन्न राज्यों में अब तक लगभग 350 वृक्ष समूह स्थापित किए जा चुके हैं, जबकि 600 से अधिक ‘वननेस वन’ स्थलों पर श्रद्धालु एवं सेवादार पूर्ण समर्पण के साथ पौधों के संरक्षण एवं संवर्धन में जुटे हुए हैं। यह अभियान केवल पौधे लगाने तक सीमित नहीं है, बल्कि समाज में प्रकृति के प्रति जागरूकता, संवेदनशीलता, पर्यावरणीय उत्तरदायित्व और सामूहिक सहभागिता की भावना को भी मजबूत कर रहा है। इसी सतत प्रयास को आगे बढ़ाते हुए 23 अगस्त, रविवार को इस महाअभियान के छठे चरण का शुभारंभ किया गया। देशभर के ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों सहित 630 स्थानों पर एक साथ आयोजित इस अभियान में लाखों श्रद्धालुओं एवं स्वयंसेवकों ने सहभागिता निभाते हुए लगभग 10 लाख पौधों का रोपण किया। यह व्यापक अभियान पर्यावरण संरक्षण के प्रति जन-जागरूकता बढ़ाने के साथ-साथ हरित एवं स्वस्थ भविष्य के निर्माण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। स्थानीय मीडिया सहायक लादू लाल भांड ने बताया कि क्षेत्रीय संचालक संत हरिचरण, संचालक रमेश कुमार मेहरा, शिक्षक गोपाललाल कटारिया, ओमप्रकाश मेहरा आदि की देखरेख में सेवादल के भाई-बहनों एवं साध संगत ने बड़े हर्षाेल्लास के साथ फलदार एवं छायादार पौधे लगाए। इनमें आम, अमरूद, नींबू, जामुन, चीकू, बनासपति, अशोक, केनरिया, चंपा, इसपाइकस सहित विभिन्न प्रजातियों के पौधे शामिल रहे। साथ ही लगाए गए पौधों की निरंतर देखरेख एवं संरक्षण का संकल्प लिया गया। कार्यक्रम के अंत में मुखी इंचार्ज संत ग्यारसी लाल ने सभी समाजसेवियों, साध संगत, सेवादारों एवं उपस्थित जनों का आभार व्यक्त किया।

Next Story