राजस्थान

संगम उद्योग समूह की पर्यावरण मुहिम को मिला जनसमर्थन, 498 ट्री गार्ड व 8750 पौधे बांटे

Gulabi Jagat
31 July 2026 8:23 PM IST
संगम उद्योग समूह की पर्यावरण मुहिम को मिला जनसमर्थन, 498 ट्री गार्ड व 8750 पौधे बांटे
x

Bhilwara, भीलवाडा़ । हरियाली बढ़ाना और प्रदूषण कम करना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। संगम उद्योग समूह के प्रयासों से भीलवाड़ा निश्चित रूप से हरा-भरा बनेगा और प्रदूषण में उल्लेखनीय कमी आएगी। यह बात राजस्थान प्रदूषण नियंत्रण मंडल के क्षेत्रीय अधिकारी दीपक धनेतवाल ने शुक्रवार को सोनी अस्पताल परिसर में संगम उद्योग समूह द्वारा चलाए जा रहे एक लाख पौधे एवं पांच हजार ट्री गार्ड वितरण अभियान के पांचवें दिन आयोजित कार्यक्रम में कही। उन्होंने कहा कि पर्यावरण संरक्षण की दिशा में संगम उद्योग समूह का यह अभियान अनूठा और अनुकरणीय है। यदि प्रत्येक नागरिक एक पौधा लगाकर उसके संरक्षण का संकल्प ले, तो आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ एवं संतुलित पर्यावरण उपलब्ध कराया जा सकता है।

संगम उद्योग समूह के वाइस चेयरमैन एस.एन. मोदानी ने बताया कि अभियान के पांचवें दिन 498 ट्री गार्ड एवं 8750 पौधों का वितरण आमजन, विद्यालयों तथा विभिन्न सार्वजनिक स्थलों के लिए किया गया। उन्होंने बताया कि अभियान के तहत लोगों को पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक करते हुए पौधों के संरक्षण का संदेश भी दिया जा रहा है। कार्यक्रम में प्रदूषण नियंत्रण मंडल की अधिकारी कृतिका सोमानी ने भी पर्यावरण संरक्षण के महत्व पर अपने विचार व्यक्त करते हुए कहा कि वृक्षारोपण केवल एक दिन का कार्य नहीं, बल्कि पौधों की नियमित देखभाल और संरक्षण भी उतना ही आवश्यक है। अभियान के तहत फलदार, फूलदार, छायादार तथा सजावटी पौधों सहित लगभग 40 प्रजातियों के पौधों का वितरण किया जा रहा है। इनमें तुलसी, मीठा नीम, अशोक, गुलमोहर, अर्जुन, बरगद, पीपल, गूलर, शीशम, कदम, गुड़हल, कनेर, चांदनी, मनी प्लांट, क्रोटन, अमरूद, आंवला, आम और जंगल जलेबी सहित अनेक प्रजातियां शामिल हैं। ट्री गार्ड वितरण प्रभारी हिम्मत पारीक ने बताया कि ट्री गार्ड के लिए आवेदन करने वाले लोगों को दूरभाष के माध्यम से सूचना देकर ट्री गार्ड उपलब्ध कराए जा रहे हैं, जिससे वितरण व्यवस्था सुचारु बनी हुई है। संगम उद्योग समूह के प्रबंध निदेशक अनुराग सोनी एवं कृपि सोनी ने बताया कि पौधा एवं ट्री गार्ड वितरण अभियान को सफल बनाने में मुकेश अजमेरा, गुमान सिंह पीपाड़ा एवं दाताराम वर्मा का विशेष सहयोग मिल रहा है। अभियान के समापन पर संगम उद्योग समूह के चेयरमैन रामपाल सोनी ने शहरवासियों से अधिक से अधिक पौधे प्राप्त कर उनका संरक्षण करने तथा भीलवाड़ा को हराभरा और प्रदूषण मुक्त बनाने में सहभागी बनने की अपील की।

Next Story