राजस्थान

Rajasthan: घर से ट्रैक्टर निकाला और कुचल दिया,हुआ हत्या का खुलासा

Sarita
17 March 2025 10:49 AM IST
Rajasthan: घर से ट्रैक्टर निकाला और कुचल दिया,हुआ हत्या का खुलासा
x
Rajasthan राजस्थान: राजस्थान के चूरू जिले के हमीरवास थाना क्षेत्र में एक हत्या के मामले में सनसनीखेज खुलासा हुआ है। पहले इसे सड़क हादसा माना जा रहा था, लेकिन पुलिस की गहन जांच में यह हत्या का मामला निकला। पुलिस ने इस मामले में आरोपी राकेश को गिरफ्तार कर लिया है।
चूरू जिले के नीमा गांव के पास 1 मार्च को एक व्यक्ति की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मृतक की पहचान सरजीत के रूप में हुई। शुरुआत में परिजनों ने इसे सड़क हादसा मानकर हमीरवास थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी, लेकिन जब पुलिस ने मामले की गहनता से जांच की तो यह सुनियोजित हत्या निकली।
आपसी रंजिश के चलते की गई हत्या
चूरू जिला पुलिस अधीक्षक जय यादव ने बताया कि जांच में पता चला है कि मृतक सरजीत और आरोपी राकेश के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हुई थी। इसी रंजिश में राकेश ने गुस्से में आकर अपने घर से ट्रैक्टर निकाला और सरजीत के ऊपर चढ़ा दिया। इस घटना में सरजीत की मौके पर ही मौत हो गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए एएसपी किशोरीलाल, आईपीएस निश्चय प्रसाद और एसएचओ जय कुमार भादू ने गहन जांच शुरू की। घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाले गए। प्रत्यक्षदर्शियों से पूछताछ की गई, जिससे स्पष्ट हुआ कि यह हादसा नहीं बल्कि सुनियोजित हत्या है। साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने आरोपी राकेश को गिरफ्तार कर लिया है और उससे पूछताछ की जा रही है।
चौंकाने वाली बात यह है कि सरजीत के परिवार वालों को भी शुरू में इस हत्या का शक नहीं हुआ। उन्हें लगा कि यह हादसा है और वे रिपोर्ट दर्ज कराने चले गए, लेकिन पुलिस जांच में मामले की सच्चाई सामने आ गई।
Next Story