राजस्थान

Rajasthan : संदिग्ध जासूस गिरफ्तार, गुप्त जानकारी भेजने का संदेह

Sarita
26 March 2025 9:52 AM IST
Rajasthan : संदिग्ध जासूस गिरफ्तार, गुप्त जानकारी भेजने का संदेह
x
Rajasthan : अंतरराष्ट्रीय सीमा से सटे राजस्थान के जैसलमेर से एक संदिग्ध पाकिस्तानी जासूस को हिरासत में लिया गया है। जानकारी के अनुसार सुरक्षा एजेंसियों ने आरोपी को जैसलमेर के मोहनगढ़ नहरी क्षेत्र से गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार पठान खान (40) पुत्र दीनू खान जैसलमेर का रहने वाला है। युवक पर भारत की खुफिया सूचनाएं पाकिस्तान भेजने का संदेह है।
सुरक्षा एजेंसियां ​​कर रही हैं पूछताछ
संदेह के आधार पर खुफिया एजेंसियों ने मोहनगढ़ थाना पुलिस के साथ नहरी क्षेत्र की जीरो आरडी से पठान खान को गिरफ्तार किया है। अब सुरक्षा एजेंसियां ​​पठान खान से सख्ती से पूछताछ कर रही हैं। इसके साथ ही पाकिस्तान भेजी गई खुफिया सूचनाओं की भी जांच कर रही हैं।
पाकिस्तान में रहते हैं पठान खान के रिश्तेदार
गौरतलब है कि चांदन के करमो की ढाणी निवासी पठान खान के रिश्तेदार पाकिस्तान में रहते हैं। पठान खान वर्ष 2019 में पाकिस्तान भी गया था। तब से वह लगातार पाकिस्तान के संपर्क में है और सुरक्षा एजेंसियां ​​भी उस पर नजर रख रही थीं। रात 3 बजे पकड़ा गया आरोपी
सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार मोहनगढ़ नहरी क्षेत्र की जीरो आरडी में पठान खान का खेत है। पठान खान वहीं रहता है और खेतीबाड़ी का काम करता है। सूत्रों के अनुसार पठान खान पिछले काफी समय से सेना क्षेत्र के वीडियो और फोटो पाकिस्तानी जासूसों को भेज रहा था। सूत्रों के अनुसार पाकिस्तान को खुफिया सूचनाएं भेजने के संदेह में सुरक्षा एजेंसियों और मोहनगढ़ थाना पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए बीती रात करीब 3 बजे पठान को उसके खेत से पकड़ लिया। सुरक्षा एजेंसियों ने उसे पकड़कर संयुक्त जांच कमेटी के समक्ष लाया है, जहां जिले में कार्यरत सभी सुरक्षा एजेंसियां ​​उससे पूछताछ कर रही हैं। साथ ही उसके मोबाइल की भी जांच की जा रही है। फिलहाल आरोपी की ओर से कोई स्पष्टीकरण नहीं आया है।
Next Story