राजस्थान

Rajasthan: रेत के टीलों में बम जैसी वस्तु मिलने से इलाके में दहशत

Sarita
8 May 2025 11:37 AM IST
Rajasthan: रेत के टीलों में बम जैसी वस्तु मिलने से इलाके में दहशत
x
Rajasthan राजस्थान: जिले के खाजूवाला उपखंड के पूगल थाना क्षेत्र में स्थित करणीसर भाटियान गांव से करीब दो किलोमीटर दूर बरजू गांव की तरफ रेतीले टीलों में बम या मिसाइल जैसी संदिग्ध वस्तु मिलने से क्षेत्र में हड़कंप मच गया। ग्रामीणों के अनुसार देर रात अचानक जोरदार धमाका सुनाई दिया। सुबह जब कुछ ग्रामीण घटनास्थल के पास पहुंचे तो रेतीली जमीन पर संदिग्ध वस्तु के टुकड़े बिखरे मिले। टुकड़े करीब एक किलोमीटर के दायरे में फैले हुए थे।
घटनास्थल पर जमीन में दो गहरे गड्ढे भी दिखाई दिए, जो धमाके की तीव्रता को दर्शाते हैं। सूचना मिलने पर पूगल थानाधिकारी पवन सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और क्षेत्र में तलाशी अभियान शुरू किया। साथ ही पूगल एसडीएम राजेंद्र भींचर और तहसीलदार दिव्या बिश्नोई भी मौके पर पहुंची और हालात का जायजा लिया। घटना की सूचना उच्चाधिकारियों को भेज दी गई है।
गनीमत रही कि यह संदिग्ध वस्तु गांव और बिजली की लाइनों से दूर गिरी, जिससे कोई जनहानि नहीं हुई। चूंकि यह इलाका भारत-पाक सीमा के नजदीक है, इसलिए प्रशासन कोई जोखिम नहीं लेना चाहता। खाजूवाला सीओ अमरजीत चावला और एसडीएम राजेंद्र भींचर के नेतृत्व में पूगल पुलिस और प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड पर है। ग्रामीणों से अपील की गई है कि वे किसी भी संदिग्ध वस्तु को न छुएं और तुरंत पुलिस को सूचना दें।
Next Story