राजस्थान

Rajasthan: नाबालिग छात्रा का अपहरण कर सामूहिक दुष्कर्म, तीन युवकों पर आरोप

Sarita
1 March 2026 6:30 AM IST
Rajasthan: नाबालिग छात्रा का अपहरण कर सामूहिक दुष्कर्म, तीन युवकों पर आरोप
x
Rajasthan: बूंदी जिले के एक थाना क्षेत्र में शुक्रवार दोपहर एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई, जहां 8वीं कक्षा की परीक्षा देने जा रही नाबालिग बालिका के साथ अपहरण कर सामूहिक दुष्कर्म का मामला सामने आया है। पीड़िता को गंभीर हालत में कोटा के जे के लोन अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका इलाज जारी है।परिजनों की शिकायत के अनुसार, पीड़िता शुक्रवार दोपहर परीक्षा देने के लिए घर से निकली थी। इसी दौरान तीन युवकों ने उसका अपहरण कर लिया और सुनसान इलाके में ले जाकर बारी-बारी से उससे दुष्कर्म किया। अपराध के बाद आरोपी पीड़िता को लहूलुहान हालत में छोड़कर फरार हो गए। सूचना मिलने पर पुलिस ने बालिका को पहले कापरेन अस्पताल पहुंचाया, लेकिन हालत बिगड़ने पर उसे कोटा के जे के लोन अस्पताल रेफर कर दिया गया।
पुलिस फिलहाल पीड़िता का मेडिकल परीक्षण करवा रही है और उसके बयान दर्ज करने के प्रयास में जुटी हुई है। केशवराय पाटन पुलिस उपाधीक्षक अशोक जोशी ने बताया कि पीड़िता का इलाज जारी है और अभी उसके बयान नहीं हो पाए हैं। परिजनों ने दो से तीन व्यक्तियों पर दुष्कर्म का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि घटना की सच्चाई पीड़िता के बयान और मेडिकल रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट होगी।
पुलिस जांच में यह सामने आ रहा है कि आरोपी पीड़िता के परिचित ही हो सकते हैं। साथ ही, दो परिवारों के बीच आपसी विवाद की बात भी उभरकर सामने आई है। थाना प्रभारी भगवान सहाय मीणा ने बताया कि घटना शुक्रवार दोपहर की है और परिजनों ने तीन युवकों पर दुष्कर्म का आरोप लगाया है। पुलिस ने आश्वासन दिया कि मामले की हर एंगल से बारीकी से जांच की जा रही है और आरोपी कोई भी हों, उन्हें जल्द गिरफ्तार किया जाएगा।
थाना प्रभारी भगवान सहाय मीणा ने बताया कि पुलिस पॉक्सो एक्ट के अंतर्गत मामला दर्ज कर जांच आगे बढ़ा रही है। घटना की सूचना मिलते ही थाना प्रभारी और अन्य अधिकारी कोटा अस्पताल पहुंचे। थाना प्रभारी ने कहा कि बयान दर्ज होने तक कुछ भी कहना जल्दबाजी होगी। पुलिस ने आश्वासन दिया कि पीड़िता के बयान के बाद पूरा घटनाक्रम स्पष्ट होगा और आरोपियों को शीघ्र गिरफ्तार किया जाएगा।
Next Story