राजस्थान

Rajasthan: पेट्रोल से मजाक बना मौत का कारण, लाइटर से लगी आग में झुलसे युवक

Sarita
21 May 2025 6:32 AM IST
Rajasthan: पेट्रोल से मजाक बना मौत का कारण, लाइटर से लगी आग में झुलसे युवक
x
Rajasthanराजस्थान: शहर के वैशाली नगर थाना क्षेत्र के खुदनपुरी इलाके में एक युवक को पेट्रोल से मजाक करना महंगा पड़ गया। मजाक के दौरान युवक के हाथ में रखे लाइटर से चिंगारी निकली और अचानक पेट्रोल ने आग पकड़ ली। इस घटना में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। परिजन उसे उपचार के लिए जिला अस्पताल लेकर पहुंचे। जहां उपचार के दौरान युवक की मौत हो गई। वैशाली नगर थाने के एएसआई शिवलाल ने बताया कि सूचना मिली थी कि थाना क्षेत्र अंतर्गत एक युवक ने खुद को आग लगा ली।
जिससे उसकी मौत हो गई। स्थानीय निवासी एवं सरपंच प्रतिनिधि रिंकू यादव ने बताया कि मृतक लोकेश कुमार (24) रविवार रात को अपने ससुराल से घर लौटा था। वह सोमवार सुबह जल्दी घर से निकल गया और वापस लौटा तो अपने साथ पेट्रोल भी लाया था। उन्होंने बताया कि बच्चों का कहना है कि मृतक कपड़ों पर पेट्रोल डालकर मजाक कर रहा था। आवाज सुनकर लोकेश का बड़ा भाई मौके पर पहुंचा और आग बुझाकर लोकेश को गंभीर रूप से घायल अवस्था में जिला अस्पताल लेकर आया। जहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद युवक को निजी अस्पताल रेफर कर दिया।
स्थानीय निवासी रिंकू यादव ने बताया कि लोकेश का इलाज निजी अस्पताल में चल रहा था। इलाज के दौरान देर रात लोकेश की तबीयत बिगड़ गई। लगातार तबीयत बिगड़ने के बाद मंगलवार को इलाज के दौरान लोकेश की मौत हो गई। उन्होंने बताया कि मृतक की 2 साल की बेटी है। वहीं वैशाली नगर थाने के एएसआई शिवलाल ने बताया कि युवक की मौत की सूचना मिलने पर वे जिला अस्पताल पहुंचे और शव का पोस्टमार्टम करवाकर शव परिजनों को सौंप दिया। उन्होंने बताया कि अभी मौत के कारणों का पता नहीं चल पाया है। परिजनों की रिपोर्ट के आधार पर आगे की जांच की जाएगी।
Next Story