राजस्थान

Rajasthan : तेज रफ्तार कार, ट्रक से जा टकराई, हादसे में चार लोगों की मौत

Sarita
2 May 2025 10:59 AM IST
Rajasthan : तेज रफ्तार कार, ट्रक से जा टकराई, हादसे में चार लोगों की मौत
x
Rajasthan राजस्थान: पाली जिले के सुमेरपुर इलाके में शुक्रवार सुबह हुए दर्दनाक सड़क हादसे में चार लोगों की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा ब्यावर-पिंडवाड़ा हाईवे पर सुबह करीब चार बजे हुआ, जब तेज रफ्तार इनोवा कार ने सड़क किनारे खड़े ट्रक को पीछे से टक्कर मार दी। हादसे में जान गंवाने वाले सभी लोग जोधपुर जिले के डायलाना कलां गांव के रहने वाले थे। ये दो भाइयों के परिवार थे, जो सुमेरपुर के पास एक सामाजिक कार्यक्रम में शामिल होने के लिए मुंबई से अपने गांव लौट रहे थे।
सूचना मिलने पर सदर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और बचाव कार्य शुरू किया। पुलिस के अनुसार हादसे में सुरेश रावल की पत्नी और बच्चे की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि विष्णु रावल के बेटे उत्तम रावल की अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई। चौथे मृतक की पहचान बाद में हुई। हादसे में तीन अन्य घायल हैं, जिनमें 18 वर्षीय हर्षिता को गंभीर हालत के चलते जोधपुर रेफर किया गया है। अनीता और दीया का इलाज सुमेरपुर अस्पताल में चल रहा है। प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि चालक को झपकी आने के कारण यह हादसा हुआ।
हादसे की गंभीरता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि इनोवा पूरी तरह क्षतिग्रस्त होकर टुकड़ों में बिखर गई। कार को क्रेन की मदद से हटाया गया। एयरबैग खुलने से कार चला रही युवती को मामूली चोटें आईं और उसकी जान बच गई। सदर थाना पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर सुमेरपुर अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया है और मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। हादसे की खबर से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है।
Next Story