
x
Rajasthan राजस्थान: राजस्थान के सवाई माधोपुर जिले के मित्रपुरा थाना क्षेत्र में दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर घाटा नैनवाड़ी गांव के पास मोरेल नदी के पास भीषण सड़क हादसा हुआ। इस हादसे में चार महिला श्रद्धालुओं की मौत हो गई। वहीं, दो बच्चियां गंभीर रूप से घायल हो गईं। जानकारी के अनुसार, दिल्ली मुंबई एक्सप्रेसवे पर पैदल जा रही महिला श्रद्धालुओं को एक ट्रक ने टक्कर मार दी। जिसके बाद वे हादसे का शिकार हो गईं।
जानकारी के अनुसार, लालसोट क्षेत्र की कुछ महिलाएं मित्रपुरा क्षेत्र के कोटड़ा से पैदल खुर्रा की माता मंडावरी लालसोट के दर्शन करने गई थीं। सभी यात्री खुर्रा माता के दर्शन कर वापस लौट रहे थे। इस दौरान कुछ महिलाएं दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर उतर गईं और एक्सप्रेसवे से अपने घर चिमनपुरा और विजयपुरा (लालसोट) जा रही थीं। इसी दौरान बौंली की ओर से आ रहे एक ट्रक ने उन्हें टक्कर मार दी, जिससे तीन महिलाओं की मौके पर ही मौत हो गई। चालक मौके से फरार हो गया। इसके बाद, घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और क्रेन की मदद से ट्रक के नीचे दबे शवों को बाहर निकाला गया। उन्हें बौंली अस्पताल भेजा गया। अन्य घायलों को इलाज के लिए लालसोट जिला अस्पताल भेजा गया। इनमें से महिला की लालसोट अस्पताल में मौत हो गई। घायल मंजू देवी की हालत गंभीर होने पर उसे जयपुर रेफर कर दिया गया है। वहीं, घायल संगीता देवी का लालसोट में इलाज जारी है।
घटना की सूचना मिलते ही घाटा नैनवाड़ी, लालसोट क्षेत्र सहित अन्य स्थानों से सैकड़ों लोग मौके पर जमा हो गए। इसके बाद पुलिस ने भीड़ को मौके से हटाकर एक घंटे बाद यातायात बहाल कराया।
Next Story





