राजस्थान

Rajasthan : फेक करेंसी रैकेट का खुलासा,दो आरोपी गिरफ्तार

Sarita
15 Dec 2025 10:24 AM IST
Rajasthan : फेक करेंसी रैकेट का खुलासा,दो आरोपी गिरफ्तार
x
Rajasthan राजस्थान: राजधानी जयपुर में नकली करेंसी की तस्करी का मामला सामने आया है। उत्तर प्रदेश से राजस्थान आई नकली करेंसी की इस खेप का खुलासा जयपुर कमिश्नरेट की CST टीम ने किया। रविवार रात को मिली सूचना के आधार पर पुलिस ने दो तस्करों को गिरफ्तार किया। आरोपियों के पास से कुल 2.90 लाख रुपये के नकली नोट बरामद किए गए। यह कार्रवाई चित्रकूट थाना इलाके में की गई।
स्पेशल कमिश्नर राहुल प्रकाश ने बताया कि CST टीम को सूचना मिली थी कि एक युवक चित्रकूट इलाके में अपनी कार में नकली नोट लेकर घूम रहा है। सूचना मिलते ही इंस्पेक्टर रतन सिंह के नेतृत्व में एक टीम ने इलाके की घेराबंदी की, संदिग्ध कार को रोका और तलाशी ली। तलाशी के दौरान कार में मौजूद झालावाड़ निवासी गोविंद चौधरी के पास से 1.90 लाख रुपये के नकली नोट बरामद हुए। पुलिस ने तुरंत आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की। पूछताछ में पता चला कि उसके साथी, चित्रकूट नगर, वैशाली नगर निवासी देवांश फंदा के पास भी नकली नोट हैं। इसके बाद CST टीम ने चित्रकूट इलाके में देवांश के फ्लैट पर छापा मारा, जहां से 1 लाख रुपये के नकली नोट बरामद हुए।
पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि नकली नोटों की खेप उत्तर प्रदेश के सहारनपुर से लाई गई थी। पुलिस फिलहाल दोनों आरोपियों से गैंग के अन्य सदस्यों के बारे में जानकारी जुटा रही है। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर नकली नोट जब्त कर लिए हैं। मामले में आगे की जांच जारी है और अन्य शामिल लोगों की तलाश की जा रही है।
Next Story