राजस्थान

Rajasthan: कार ट्रॉले से टकराई, चालक की मौत, 3 की हालत गंभीर

Sarita
13 April 2025 7:41 AM IST
Rajasthan: कार ट्रॉले से टकराई, चालक की मौत, 3  की हालत गंभीर
x
Rajasthanराजस्थान: भारतमाला हाईवे पर शुक्रवार देर रात भीषण सड़क हादसा हुआ। मंदिर दर्शन करने जा रहे एक परिवार की कार अनियंत्रित होकर पीछे से एक ट्रॉले से टकरा गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। इस हादसे में कार चालक की मौत हो गई। वहीं पति, पत्नी और बेटी की हालत गंभीर है। यह हादसा राजस्थान के पल्लू थाना इलाके के धीरदेसर की रोही के पास हुआ। इस हादसे में कार चालक नागौर निवासी माणक (40) की मौके पर ही मौत हो गई।
कार में सवार नोखा निवासी राकेश (32), उसकी पत्नी शर्मिला (32) और पांच साल की बेटी यशस्वी गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को तुरंत हनुमानगढ़ जिला अस्पताल के ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर हालत के चलते उन्हें हायर सेंटर रेफर कर दिया गया। हादसे के बाद ट्रॉला चालक वाहन समेत मौके से फरार हो गया। पुलिस ने मृतक के शव को पल्लू के राजकीय सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र की मोर्चरी में रखवाया है।
पल्लू व पीलीबंगा थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर दोनों क्षतिग्रस्त वाहनों को हटवाया और सड़क पर यातायात बहाल करवाया। पल्लू थाना प्रभारी सुशील कुमार ने बताया कि हादसा रात करीब 12 बजे हुआ। परिवार नोखा (बीकानेर) से सीतो (पंजाब) मंदिर में दर्शन के लिए जा रहा था। प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि कार चालक के तेज गति से वाहन चलाने या झपकी आने के कारण हादसा हुआ। पुलिस ने फरार ट्रॉली चालक की तलाश शुरू कर दी है।
Next Story