
x
Rajasthan राजस्थान: राजस्थान के चूरू जिले के रतनगढ़ क्षेत्र के भानुदा गाँव में बुधवार को एक विमान के दुर्घटनाग्रस्त होने की सूचना मिली है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीमें मौके पर पहुँचने के लिए रवाना हो गईं। स्थानीय ग्रामीणों ने बताया कि हादसे से पहले आसमान में तेज आवाज सुनाई दी, जिसके बाद खेतों में आग की लपटें और धुआं उठता देखा गया।
दुर्घटनास्थल से एक शव भी बरामद हुआ है, जो पूरी तरह क्षत-विक्षत अवस्था में मिला है। स्थानीय प्रशासन शव की पहचान के लिए जाँच कर रहा है। हादसे की खबर फैलते ही रतनगढ़ में हड़कंप मच गया। कलेक्टर अभिषेक सुराणा और पुलिस अधिकारी भी मौके पर पहुँच रहे हैं। ग्रामीणों ने बताया कि विमान दुर्घटना के बाद खेतों में लगी आग को बुझाने का प्रयास किया गया। प्रशासन द्वारा हादसे के कारणों की विस्तृत जाँच की जा रही है।
Next Story





