
x
Rajasthan : जिले के डुगरावता गांव में जिस घर में शादी की तैयारियां जोरों पर थीं, वहीं अचानक खुशियों की जगह मातम ने ले ली। शहनाई की धुनें चीख-पुकार में बदल गईं और परिवार की मुस्कानें पलभर में आंसुओं में बदल गईं।दरअसल कैलासी देवी (36) पत्नी सीताराम खारवाल अपने बेटे की शादी के निमंत्रण के लिए पारंपरिक भात नोतने अपने पति के साथ मोटर साइकिल पर मायके सरपुरा (कोलीवाड़ा के पास) जा रही थीं लेकिन रास्ते में सड़क पर बने एक गहरे गड्ढे ने उनकी खुशियों पर कहर बरपा दिया। बाइक गड्ढे में उछली और असंतुलित होकर गिर गई, जिससे कैलासी देवी सड़क पर दूर जा गिरीं।
गंभीर रूप से घायल कैलासी देवी को तत्काल जिला अस्पताल दौसा ले जाया गया, जहां से प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें जयपुर रैफर किया गया लेकिन उपचार के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया।कैलासी देवी की मौत की खबर जैसे ही गांव पहुंची, डुगरावता गांव में कोहराम मच गया। जहां घर में बेटे की शादी की रौनक थी, वहीं अचानक सन्नाटा छा गया। महिलाएं जो कुछ देर पहले गीत गा रही थीं, वे अब विलाप करने लगीं। रिश्तेदारों, पड़ोसियों और ग्रामीणों ने परिवार को सांत्वना देने की कोशिश की लेकिन किसी की आंखें सूखी नहीं रहीं। कैलासी देवी के निधन की सूचना मिलते ही कस्बे का बाजार भी शोक में बंद कर दिया गया।
Next Story





