
Rajasthan राजस्थान: बालोतरा-सिणधरी मेगा हाईवे पर एक दर्दनाक हादसा हुआ। बताया जा रहा है कि डाबड़ गांव के पांच दोस्त स्कॉर्पियो में सवार होकर सिणधरी आए थे। वे एक होटल से खाना खाकर घर लौट रहे थे। साडा सरहद क्षेत्र में सामने से आ रहे एक ट्रेलर से उनकी टक्कर हो गई। टक्कर के तुरंत बाद दोनों वाहनों में आग लग गई। चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग मदद के लिए घटनास्थल पर पहुंचे। आग इतनी भीषण थी कि स्कॉर्पियो के दरवाजे जाम हो गए, जिससे चार युवक अंदर फंस गए। कुछ ही मिनटों में वाहन आग की लपटों में घिर गया। ट्रेलर चालक ने अपनी जान जोखिम में डालकर स्कॉर्पियो चालक को बाहर निकाला और एक युवक को बचाने में सफल रहा। घायल युवक को सिणधरी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां से उसे गंभीर हालत में जोधपुर रेफर कर दिया गया।
घटना की सूचना मिलने पर जिला कलेक्टर सुशील कुमार यादव, पुलिस अधीक्षक रमेश, अतिरिक्त जिला कलेक्टर भुवनेश्वर सिंह चौहान, डिप्टी नीरज शर्मा, उपखंड अधिकारी समंदर सिंह भाटी, मुख्य जिला चिकित्सा अधिकारी वाकराम चौधरी, परिवहन अधिकारी सहित प्रशासनिक टीम मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया। आरजीटी कंपनी और नगर परिषद की दमकलों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।हादसे की खबर मिलते ही मृतकों के परिजन घटनास्थल पर पहुँचे। जली हुई गाड़ी और उसके अवशेषों को गठरियों में देखकर उनका रो-रोकर बुरा हाल हो गया। गुड़ामालानी क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है। हादसे के कारणों की जाँच शुरू कर दी गई है।





