राजस्थान

Rajasthan : 2 ट्रकों की टक्कर से लगी भीषण आग, जिंदा जले 3 लोग

Sarita
27 April 2025 6:19 AM IST
Rajasthan  : 2 ट्रकों की टक्कर से लगी भीषण आग, जिंदा जले 3 लोग
x
Rajasthan राजस्थान: राजस्थान के हनुमानगढ़ जिले में शनिवार को भीषण सड़क हादसा हो गया। जिले के रावतसर थाना क्षेत्र के धनासर कैंची के पास दो ट्रॉलियों में आमने-सामने की टक्कर के बाद भयानक आग लग गई, जिसमें तीन लोगों की मौके पर ही जलकर मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची। ट्रक की तलाशी के दौरान तीन शव बरामद हुए, जिन्हें पुलिस ने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। फिलहाल आग पर काबू पाने के बाद पुलिस रास्ता खुलवाने का प्रयास कर रही है। रावतसर थानाधिकारी रामचंद्र कस्वां ने बताया कि शनिवार शाम करीब छह बजे मेगा हाईवे पर धनासर गांव के पास दो ट्रॉलियों में आमने-सामने की टक्कर होने की सूचना मिली थी।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम तुरंत मौके के लिए रवाना हो गई। हादसे में एक ट्रॉली में ईंटें भरी हुई थीं, जबकि दूसरी ट्रॉली में बजरी भरी हुई थी। मौके पर मौजूद प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि टक्कर के तुरंत बाद जोरदार धमाका हुआ और दोनों ट्रॉलियों में आग लग गई। कुछ ही मिनटों में आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और दोनों ट्रॉलियों को पूरी तरह अपनी चपेट में ले लिया। दमकल, पानी के टैंकर और जेसीबी मशीनों की मदद से कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया।
हादसे के तुरंत बाद ट्रॉलियों से दो शवों को बाहर निकाल लिया गया, जबकि आग बुझने के बाद एक और जला हुआ शव बरामद हुआ। सभी शवों को मोर्चरी में सुरक्षित रखवा दिया गया है। मृतकों की पहचान नागौर जिले के रूप सिंह और ओमप्रकाश तथा चूरू जिले के भानीपुरा निवासी कृष्ण के रूप में हुई है।
पुलिस ने मामला दर्ज कर हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है। हादसे के कारण मेगा हाईवे पर यातायात पूरी तरह बाधित हो गया, जिससे दोनों तरफ वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। आग पर काबू पाने और क्रेन से ट्रॉलियों को हटाने के बाद मार्ग को यातायात के लिए खोल दिया गया है।
Next Story