
x
Rajasthan राजस्थान: राजस्थान के डीडवाना जिले के मौलासर कस्बे के पास मेगा हाईवे पर शुक्रवार सुबह एक भीषण सड़क हादसा हुआ। इस हादसे में दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई और 19 से ज़्यादा लोग घायल हो गए। हादसा इतना भीषण था कि कार चकनाचूर हो गई और बस भी पलट गई। जानकारी के अनुसार, एक निजी बस और कार की आमने-सामने की टक्कर हो गई। टक्कर के बाद बस कार पर पलट गई, जिससे कार में सवार सभी लोग बस के नीचे दब गए। इस हादसे में दो यात्रियों की तत्काल मौत हो गई, जबकि अन्य यात्री घायल हो गए।
घायलों को डीडवाना, मौलासर और कुचामन के अस्पतालों में भर्ती कराया गया। गंभीर रूप से घायल मरीजों को उच्च स्तरीय चिकित्सा केंद्र रेफर किया गया। पुलिस और प्रशासन की टीमें भी मौके पर पहुँच गई हैं और राहत एवं बचाव कार्य शुरू कर दिया है।
पुलिस ने बताया कि बस कुचामन से डीडवाना जा रही थी और उसी समय एक कार डिकावा गाँव से मौलासर की तरफ आ रही थी। बाईपास पर बस ने कार को ओवरटेक करने की कोशिश की, जिससे दोनों वाहनों में जोरदार टक्कर हो गई और बस कार पर पलट गई।हादसे में एक महिला और एक पुरुष की मौत हो गई। वहीं, 19 अन्य घायलों को इलाज के लिए डीडवाना, कुचामन और जयपुर के अस्पतालों में भेजा गया। बस का अगला हिस्सा भी पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।
हादसे के पीछे का पूरा कारण अभी स्पष्ट नहीं हो पाया है। पुलिस मामले की जाँच कर रही है और दुर्घटना के कारणों का पता लगाने के लिए स्थानीय लोगों और प्रत्यक्षदर्शियों से पूछताछ की जा रही है। प्रशासन ने राहत एवं बचाव कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए हैं।
Next Story





